न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत को जीतने के लिए 186 रनों का लक्ष्य मिला, जिसका पीछा करते हुए शुरुआत अच्छी नहीं हुई. रोहित शर्मा अपना खाता भी नहीं खोल पाए. वह भारत के लिए वनडे में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सौरव गांगुली से ऊपर आ गए.
हालांकि लिस्ट ये नहीं दर्शाती कि बल्लेबाज कम महान है क्योंकि पहले नंबर पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर हैं.
रोहित शर्मा पारी के पहले ही ओवर में आउट हो गए. काइल जैमीसन की अंतिम गेंद पर रोहित सामने की तरफ मारना चाहते थे, लेकिन गेंद मिड ऑफ की दिशा में चली गई. वहां खड़े मिचेल सैंटनर ने कोई गलती नहीं की और आगे की तरफ डाइव लगाकर शानदार कैच पकड़ा. भारत का पहला विकेट 1 रन पर गिर गया था.
वनडे में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज (टॉप-5)
- 20 – सचिन तेंदुलकर
- 19 – जवागल श्रीनाथ
- 19 – विराट कोहली
- 18 – अनिल कुंबले
- 18 – युवराज सिंह
लिस्ट में कहां है रोहित शर्मा
न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड वनडे से पहले रोहित शर्मा सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सौरव गांगुली के साथ थे. गांगुली अपने वनडे करियर में 16 बार ‘डक’ आउट हुए. अनचाहे रिकॉर्ड लिस्ट में रोहित अब गांगुली से आगे आ गए हैं.
17वीं बार हुआ है जब रोहित शर्मा वनडे इंटरनेशनल में बिना खाता खोले आउट हो गए. लिस्ट में रोहित 7वें नंबर पर है. उनसे आगे छठे नंबर पर हरभजन सिंह हैं, वह भी 17 बार वनडे में शून्य पर आउट हुए थे.