ऑकलैंड की जिस पिच पर बल्लेबाजों के लिए टिकना तक मुश्किल हो रहा था, उसी 22 गज की पट्टी पर कोहली का विराट रूप देखने को मिला. दाएं हाथ के इस दिग्गज बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया जो कि न्यूजीलैंड की धरती पर उनका सबसे तेज वनडे अर्धशतक है.
यही नहीं विदेशी धरती पर ये उनका दूसरा सबसे तेज वनडे अर्धशतक भी है. ऑकलैंड में विराट ने कभी अर्धशतकीय पारी नहीं खेली थी लेकिन अब विराट ने उस इंतजार को भी खत्म कर दिया. विराट ने कैसे ये अर्धशतकीय पारी खेली और कैसे उन्होंने इस अर्धशतक से सचिन के 2 बड़े रिकॉर्ड तोड़े, आइए आपको बताते हैं.
विराट कोहली अब बने वनडे के असली चेज़ किंग
ने वनडे में रनों का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का सचिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सचिन ने रन चेज़ में 8720 रन बनाए थे और विराट अब उनसे भी आगे निकल गए हैं. विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. वो रिकी पॉन्टिंग के बराबर पहुंच चुके हैं. दोनों ही खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1971 वनडे रन बना लिए हैं.
SENA में नंबर 1 विराट
विराट कोहली ने SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. उनके 134 फिफ्टी प्लस स्कोर हो गए हैं, वो सचिन से आगे निकल गए.
विराट ने ऐसे ठोका ऑकलैंड में अर्धशतक
टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही. रोहित शर्मा बिना खाता खोले निपट गए. इसके बाद विराट आए और उन्होंने आते ही अपने अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी. मुश्किल पिच अचानक आसान हो गई. दाएं हाथ के इस दिग्गज ने काइल जेमीसन की गेंद पर शानदार फ्लिक शॉट खेल अपना पहला चौका लगाया. काइल जेमिसन के अलावा ब्लेयर टिकनर को भी उन्होंने अपने बल्ले की धमक दिखाई. इस खिलाड़ी ने ब्लेयर की गेंद पर कमाल का छक्का लगाया और महज 35 गेंदों में वो अर्धशतक तक पहुंच गए. विराट कोहली ने शुभमन गिल के साथ 104 गेंदों में 113 रनों की साझेदारी की, इस दमदार पार्टनरशिप के दम पर टीम इंडिया आसानी से जीत की दहलीज पर पहुंच गई.