अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में मोहम्मद आमिर पर लगी सबसे ऊंची बोली, इतने में बिके

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के ड्राफ्ट में मोहम्मद आमिर को कंधार वॉरियर्स ने अपनी टीम में शामिल किया है. आमिर ने एक ब्रिटिश नागरिक के तौर पर ड्राफ्ट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था और उन्हें प्लैटिनम कैटेगरी में रखा गया था.

उन्हें कंधार वॉरियर्स ने 1 लाख यूएस डॉलर्स की रकम देकर खरीदा है. यह सबसे ऊंची बोली के समान है क्योंकि एपीएल की प्लैटिनम कैटेगरी की निर्धारित फीस एक लाख यूएस डॉलर्स होती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 94.62 लाख रुपये के बराबर है.

अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के ड्राफ्ट में खिलाड़ियों को पांच कैटेगरी में बांटा जाता है. प्लैटिनम कैटेगरी सबसे ऊंची होती है, उसके बाद डायमंड, गोल्ड, सिल्वर और इमर्जिंग कैटेगरी आती है. आमिर की बात करें तो वॉरियर्स ने उन्हें अपने सबसे पहले पिक के तौर पर चुना. आमिर का वॉरियर्स की टीम में आना एक बड़ा बूस्ट है. उन्होंने अपने ओवरऑल टी20 करियर में 338 मैच खेलकर 440 विकेट लिए हैं.

अभी तक एपीएल का शेड्यूल सामने नहीं आया है. हालांकि यह तय है कि मुकाबले यूएई में खेले जाएंगे. चूंकि आमिर अब ब्रिटिश नागरिक बन चुके हैं, ऐसे में उन्हें एपीएल में खेलने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से नो ऑबजेक्शन सर्टिफिकेट की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.

APL में कुल 5 टीम

APL 2026 में कुल पांच टीम खेलेंगी, इनके नाम कंधार वॉरियर्स, एक्सेल यूनाइटेड काबुल, टीम बल्ख, नांगरहार कॉस्मिक और टीम पक्तिया हैं. इस लीग में राशिद खान अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी और रहमनुल्लाह गुरबाज जैसे नामी अफगान क्रिकेटर कहेलते हुए नजर आएंगे.

यह भी बताते चलें कि दुबई में आयोजित हुए ड्राफ्ट के लिए 30 से अधिक पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने रजिस्ट्रेशन किया था. फखर जमान से लेकर हसन अली, सैम अयूब, शान मसूद, फहीम अशरफ और इमाद वसीम ने भी अपना नाम दिया था. उन सभी के खेलने पर सवालिया निशान हैं, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें एनओसी उपलब्ध नहीं करवाएगा.

क्या IPL ऑक्शन में आएंगे आमिर?

मोहम्मद आमिर ने जब APL ड्राफ्ट के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया, तब उनके IPL 2027 की नीलामी में एंट्री लेने की खबरें सामने आई थीं. मगर एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से आमिर ने आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में एंट्री लेने की अफवाहों को खारिज कर दिया था. पहले सीजन के बाद से कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग में नहीं खेला है. 2012, 2013 और 2015 में अजहर महमूद ब्रिटिश नागरिक के तौर पर आईपीएल में खेले थे.

Leave a Comment