IPL 2027 में नजर नहीं आएंगे मोहम्मद आमिर, ऑक्शन में शामिल होने की संभावना से किया इनकार

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के लिए IPL के दरवाजे खुलने की संभावनाएं जरूर बनी थीं, लेकिन उन्होंने खुद ही इस रास्ते पर आगे बढ़ने से इनकार कर दिया है। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद आमिर के  में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

हालांकि, अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह आगामी IPL ऑक्शन के लिए अपना नाम दर्ज नहीं कराएंगे।

33 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आमिर ने क्रिकबज को इसकी पुष्टि की। उनसे जब IPL ऑक्शन में रजिस्ट्रेशन को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि नहीं, वह ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करा रहे हैं। बता दें, IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन 16 दिसंबर को होना है।

ब्रिटिश नागरिकता के बाद खुली थी IPL में खेलने की चर्चा

आमिर को हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता मिली है। इसके बाद उनके IPL में खेलने की संभावनाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। दरअसल, पाकिस्तान के खिलाड़ियों को IPL में खेलने की अनुमति नहीं है। पाकिस्तान के क्रिकेटरों ने लीग के पहले सीजन यानी 2008 के बाद से इसमें हिस्सा नहीं लिया है। हालांकि, पाकिस्तान में जन्मे अजहर महमूद ब्रिटिश पासपोर्ट होने के कारण IPL में कुछ सीजन खेल चुके हैं। ऐसे में आमिर की ब्रिटिश नागरिकता को भी IPL में प्रवेश की संभावित राह के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन आमिर ने ऑक्शन में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

इंग्लैंड के बोर्ड के जरिए करा सकते थे रजिस्ट्रेशन

BCCI ने 2 नवंबर को बताया था कि IPL ऑक्शन में शामिल होने के इच्छुक विदेशी खिलाड़ी अपने संबंधित क्रिकेट बोर्ड के जरिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 23 नवंबर तय की गई है। ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद आमिर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB के माध्यम से भी अपना नाम दर्ज करा सकते थे। इंग्लैंड में उन्हें विदेशी खिलाड़ी के बजाय घरेलू खिलाड़ी का दर्जा प्राप्त है। इसका उदाहरण द हंड्रेड टूर्नामेंट में भी देखने को मिला, जहां उन्होंने नॉटिंघम की टीम ट्रेंट रॉकेट्स के लिए विदेशी खिलाड़ी नहीं, बल्कि स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लिया था। आमिर ने सोमवार को अफगानिस्तान प्रीमियर लीग यानी APL के प्लेयर ड्राफ्ट के लिए भी ब्रिटिश नागरिक के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है।

पाकिस्तान के लिए 271 विकेट ले चुके हैं आमिर

मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 159 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। इनमें 36 टेस्ट, 61 ODI और 62 T20I मैच शामिल हैं। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 271 विकेट दर्ज हैं। फिलहाल उन्होंने IPL 2027 में खेलने की संभावनाओं को खुद ही खत्म कर दिया है।

Leave a Comment