न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका! ऋषभ पंत की चोट ने बढ़ाई टेंशन, तीसरे मैच से हुए बाहर

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम फैंस के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई है. टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की मैदान पर वापसी का इंतजार लंबा हो गया है.

साइड स्ट्रेन की चोट से जूझ रहे पंत न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ होने वाले तीसरे आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं. भारतीय टीम मैनेजमेंट पंत की चोट को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता, इसलिए उन्हें एहतियात के तौर पर इस मुकाबले में आराम देने का फैसला किया गया है. इस ताजा अपडेट के बाद, 19 नवंबर से शुरू होने वाली भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में उनके खेलने को लेकर गहरा सस्पेंस खड़ा हो गया है.

ऋषभ पंत को लग सकता है समय

ऋषभ पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट से बाहर हो गए हैं. इससे पहले उन्हें न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबलों से भी बाहर रहना पड़ा था. पंत को अक्टूबर महीने में खेले गए ईरानी कप मैच के दौरान बाईं ओर की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या हुई थी, जिसके बाद से वह मैदान से दूर हैं. पंत की फिटनेस ने टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ यह टेस्ट सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है.

BCCI एक सूत्र के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट पंत की चोट को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता, इसलिए उन्हें एहतियात के तौर पर न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट से बाहर रखा गया है. हालांकि पंत ने बिना किसी दर्द के नेट प्रैक्टिस स्किल ट्रेनिंग शुरू कर दी है, लेकिन मैच खेलने की फिटनेस हासिल करने में उन्हें अभी थोड़ा वक्त लगेगा. लंबे समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर होने के कारण ही उन्हें तीसरे अभ्यास मैच से बाहर रखा गया है.

 

 

हेड कोच गौतम गंभीर का आया बड़ा बयान

ऋषभ पंत को लेकर भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर का भी एक बड़ा बयान सामने आया है. टी20 सीरीज के खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब गंभीर से पंत की फिटनेस पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “फिलहाल मेरे पास ऋषभ पंत की उपलब्धता को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं है. जैसे ही बीसीसीआई की मेडिकल टीम से कोई आधिकारिक अपडेट मिलेगा, हम टीम कॉम्बिनेशन को लेकर फैसला करेंगे. ” कोच गंभीर के इस बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट पंत को लेकर किसी भी तरह का कोई रिस्क नहीं उठाना चाहता है, भले ही इसके लिए उन्हें पहले टेस्ट से बाहर बैठना पड़े.

ऋषभ पंत होते हैं बाहर तो कौन लेगा उनकी जगह?

अगर ऋषभ पंत 19 नवंबर से वेलिंगटन में होने वाले पहले टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो भारतीय टीम के पास बैकअप के तौर पर युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल का एक बेहतरीन विकल्प मौजूद है. जुरेल इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं उन्होंने हाल ही में ‘इंडिया ए’ के लिए खेलते हुए न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ एक शानदार शतक भी जड़ा है. ऐसे में अगर पंत समय पर रिकवर नहीं हो पाते हैं, तो पहले टेस्ट मैच में ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग के साथ-साथ मिडिल ऑर्डर की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.

Leave a Comment