Hardik Pandya CSK: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अलग ही खेल चल रहा है. टीम का शुभंकर लियो लगातार ऐसे पोस्ट कर रहा है, जिनमें छिपे इशारों को समझने में फैंस जुटे हुए हैं.
अब लियो के एक नए पोस्ट ने क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा तेज कर दी है. माना जा रहा है कि मुंबई इंडियंस के कप्तान IPL 2027 में CSK की जर्सी में नजर आ सकते हैं.
लियो के पोस्ट में क्या है खास?
CSK ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें लिखा था, “Leo does something” और फिर कहा गया, “Superfans: Leo has dropped a hint.” पोस्ट में जश्न वाले इमोजी भी लगाए गए. इसके बाद लियो हैरान और घबराया हुआ नजर आया.
इस पोस्ट को देखकर फैंस ने अपने-अपने अंदाज में कयास लगाने शुरू कर दिए.
जहीर खान के साथ बातचीत में मिला था 33 नंबर का इशारा
इससे पहले 27 अक्टूबर को CSK ने एक वीडियो शेयर किया था. इसमें लियो और टीम के हेड कोच जहीर खान के बीच बातचीत दिखाई गई थी.
वीडियो में लियो ने खिलाड़ियों की ट्रेडिंग को लेकर अपडेट पूछा. जहीर खान ने इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी, लेकिन फैंस की नजर एक कागज पर लिखे 33 नंबर पर पड़ गई. इसके बाद हार्दिक पांड्या के CSK में आने की अटकलें तेज हो गईं, क्योंकि उनकी जर्सी का नंबर भी 33 है.
CSK के CEO ने ट्रेड की खबरों को बताया गलत
हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही इन चर्चाओं के बीच अभी तक हार्दिक पांड्या के CSK में जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने हार्दिक के ट्रेड को लेकर चल रही खबरों को खारिज किया है. उन्होंने साफ किया है कि इस तरह की ट्रेड को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है. वहीं, मुंबई इंडियंस और CSK की तरफ से भी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.
फैंस को अब अगले इशारे का इंतजार
फिलहाल CSK के पोस्ट ने फैंस के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है. कुछ लोगों का मानना है कि टीम किसी बड़े ट्रेड का इशारा कर रही है, जबकि कुछ इसे फैंस के साथ मजेदार अंदाज में जुड़ने का तरीका मान रहे हैं.
अब देखना होगा कि लियो के इन रहस्यमयी पोस्ट के पीछे सच में कोई बड़ा ट्रेड है या फिर CSK सिर्फ अपने फैंस के साथ मस्ती कर रही है. फिलहाल हार्दिक पांड्या के CSK में शामिल होने की खबर सिर्फ अटकलें हैं.