IND vs NZ: आखिरी T20I में मिलेगा इस गेंदबाज को मौका? हैमिल्टन में पहले भी दिखा चुका अपना जलवा

भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे का पहला पड़ाव रविवार 1 नवंबर को पूरा होने वाला है. टी20 सीरीज के पांचवें और आखिरी मैच में भारत और न्यूजीलैंड फिर से आमने-सामने होंगे. सीरीज का फैसला तो तीसरे मैच में ही हो गया था लेकिन न्यूजीलैंड ने चौथे मैच जबरदस्त जीत दर्ज करते हुए कुछ वापसी की थी.

अब हैमिल्टन में सीरीज का आखिरी मैच होने जा रहा है, जिसमें फिर से कड़ी टक्कर होने वाली है. मगर क्या पिछली शिकस्त से सबक लेकर टीम इंडिया प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव करेगी?

हैमिल्टन के सेडन पार्क स्टेडियम में होने जा रहे इस मैच में भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज का अंत करने की कोशिश करेगी. अब इसके लिए प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव होते हैं या नहीं, इस पर नजर रहेगी. पिछले मैच में भारतीय टीम ने 2 बदलाव किए थे, जिसमें वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार को ड्रॉप किया गया था. उनके बदले ईशान किशन और मयंक यादव की वापसी हुई थी. मयंक ने तो 3 विकेट लिए लेकिन ईशान नहीं चले.

पिछले मैच की प्लेइंग-11 से वैभव के बाहर होते ही एक बार फिर बहस छिड़ गई कि टीम मैनेजमेंट उनके साथ ऐसा क्यों कर रही है. ऐसे में एक बार फिर 15 साल के इस उभरते हुए सुपरस्टार का सेलेक्शन सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहेगा. मगर एक बदलाव जो टीम इंडिया के लिए मददगार हो सकता है, वो गेंदबाजी में है और ये वो गेंदबाज है, जिसे पूरी सीरीज में मौका नहीं मिला है.

बात हो रही है दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव की, जो पिछले चारों मैच में बाहर बैठे रहे. कुलदीप को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में 2 मैच खेलने को मिले थे और दोनों में उन्होंने विकेट लिए थे लेकिन महंगे भी साबित हुए थे. ऐसे में उन्हें न्यूजीलैंड में अभी तक कोई मौका नहीं मिला. मगर आखिरी मैच उनके लिए वापसी का अवसर साबित हो सकता है और टीम इंडिया के सामने ऐसा फैसला लेने के लिए आंकड़े भी हैं.

हैमिल्टन के मैदान पर कुलदीप ने 1 टी20 मैच खेला है और उसमें जहां टीम इंडिया के बाकी सभी गेंदबाज 9 या 10 रन प्रतिओवर से ज्यादा के रेट से पिटे थे, वहीं कुलदीप ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 2 विकेट लिए थे. आउट होने वाले बल्लेबाज भी टिम साइफर्ट और कॉलिन मुनरो जैसे धुरंधर थे. वहीं एक वनडे मैच में भी उन्होंने 2 विकेट लिए थे. हालांकि, तब उनकी धुनाई भी हुई थी.

इस पूरी सीरीज में भारत ने स्पिनर के रूप में सिर्फ अक्षर पटेल को मौका दिया है और इसका कोई फायदा नहीं हुआ. उन्होंने 4 मैच में करीब 11 की इकॉनमी रेट से रन लुटाए हैं और सिर्फ 3 विकेट ले सके हैं. दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिए कप्तान मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने विकेट बटोरे हैं. ऐसे में टीम इंडिया के पास इस आखिरी मैच में कुलदीप को उतारकर कुछ अलग ट्राय करने का अवसर है.

Leave a Comment