न्यूजीलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में दमदार फॉर्म में हैं। पांच मैचों की टी20 सीरीज में चार मुकाबले के बाद फिलिप्स एक शतक के साथ दो अर्धशतक लगा चुके हैं।
तीसरे मैच को छोड़ दे तो उन्होंने सभी मैचों में 70 या उससे अधिक रन बनाए हैं। ऑकलैंड में खेले गए चौथे मैच में उन्होंने दमदार शतक लगाया, जिसकी बदौलत न्यूजीलैंड ने सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की। पांचवें और अंतिम टी20 मैच में ग्लेन फिलिप्स के पास एक द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका है।
ग्लेन फिलिप्स को चाहिए 56 रन
न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज ने चौथे टी20 मैच में 49 गेंद में 107 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने अब तक चार मैचो में एक शतक और दो अर्धशतक के साथ 276 रन बनाए हैं। वह सीरीज में 200 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। फिलिप्स को एक द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने के लिए 56 रनों की जरूरत है। भारत और न्यूजीलैंड के पांचवां टी20 मैच रविवार को हैमिल्टन के सेडोन पार्क में खेला जाएगा।
फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड टूट सकता है
एक द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के फिल सॉल्ट के नाम है। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों में 331 रन बनाए थे। इस लिस्ट में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 6 टी20 मैचों में 316 रन बनाए थे। एस्टोनिया के बल्लेबाज साहिल चौहान तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 6 मैचों में 297 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन के नाम 5 मैचों में 290 रन हैं, जबकि पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 285 रन बनाए थे।
फिल और रिजवान 5 या उससे अधिक टी20 सीरीज में 300 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रविवार को फिलिप्स के पास इस क्लब का हिस्सा बनने का मौका है। अगर फिलिप्स 5वें मैच में 24 रन बना लेते हैं तो वह 300 से अधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। वहीं मैच में 15 रन बनाते ही वह न्यूजीलैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मार्क चैपमैन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
न्यूजीलैंड टीम पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले आखिरी मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी। अगले साल अफ्रीका में होने वाले आईसीसी विश्व कप से पहले यह वनडे सीरीज काफी महत्वपूर्ण है।