न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 260 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 172 रन पर सिमट गई और मुकाबला 87 रन से गंवा दिया। अब सीरीज का आखिरी मैच रविवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
भारत सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुका है, ऐसे में टीम प्रबंधन के पास अपनी रणनीति में बदलाव करने का मौका है। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी शुरू करने के लिए उतारना एक अच्छा फैसला हो सकता है। इसकी तीन ठोस वजहें हैं।
गेंदबाजों की लय बिगाड़ सकते हैं
वैभव और अभिषेक की जोड़ी को ज्यादा परखने की जरूरत नहीं है। वेलिंगटन में तीसरे टी20 के दौरान दोनों ने पहले छह ओवर में ही 118 रन ठोक दिए थे। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी पूर्ण सदस्य टीम का पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर था। वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने भी अपने आक्रामक अंदाज से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। दोनों की 133 रन की साझेदारी ने भारत के लिए लक्ष्य का पीछा आसान बना दिया था। आखिरी मैच में इस जोड़ी को फिर साथ उतारना विपक्षी टीम पर शुरुआती दबाव बना सकता है।
ओपनिंग में वैभव का खेल ज्यादा निखरकर आया
वैभव को शुरुआत से ही खुलकर खेलने की आजादी मिलना उनके लिए बेहतर हो सकता है। वह ऐसे बल्लेबाज हैं जो पावरप्ले का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं। इसलिए उन्हें मध्यक्रम में भेजने के बजाय ओपनिंग की जिम्मेदारी देना ज्यादा असरदार विकल्प हो सकता है। वह आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर अपना जलवा दिखा चुके हैं।
आखिरी मैच में नए कॉम्बिनेशन को आजमाने का मौका
भारत सीरीज में 3-1 से आगे है। ऐसे में आखिरी मुकाबले में टीम के पास भविष्य के विकल्पों को आजमाने का अवसर है। वैभव को एक और मौका देकर यह समझा जा सकता है कि वह अभिषेक के साथ नियमित ओपनिंग जोड़ी के रूप में कितने उपयोगी साबित हो सकते हैं। खासकर तब, जब दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में ईशान किशन को रखते हुए सैमसन को बाहर कर वैभव को टीम में शामिल किया जा सकता है। भारत के पास इस सीरीज में अभी खोने के लिए कुछ नहीं है। यहां वैभव का धमाका देखने का मौका है।