मोहाली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 22 साल के क्रिकेटर सात्विक अमन पर तलवार से हमला हुआ है. क्रिकेट प्रैक्टिस के दौरान गेंद स्विमिंग पूल में गिरने पर खिलाड़ी पर तलवार (कृपाण) से हमला किया गया.
ये मामला पिछले शनिवार का है. बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले सात्विक अमन मोहाली के सेक्टर 74 ए स्थित ओम साई क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस कर रहे थे. तभी उनकी गेंद बाउंड्री पार कर पास के ही स्विमिंग पूल में जाकर गिरी, जिसके बाद विवाद खड़ा हुआ.
मोहाली में क्रिकेटर पर जानलेवा हमला
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, सात्विक जब स्विमिंग पूल से अपनी बॉल लेने गए तो गेट बंद था. पूल का मालिक बाहर आया तो उसने सात्विक को गालियां दीं. सात्विक ने उससे गेंद वापस करने को कहा, लेकिन मालिक ने उसके माथे पर मुक्का मार दिया.
इसके बाद आरोपी जसबीर सिंह अंदर गया और एक तलवार (कृपाण) लेकर वापस आया. सात्विक ने खुद को बचाने के लिए पास पड़ी एक बांस की छड़ी उठाई, लेकिन जसबीर ने उसके सिर पर वार कर दिया. जब सात्विक ने अपना बायां हाथ उठाया तो तलवार उसके हाथ पर लगी और वह कट गया.
सात्विक अमन ने बताया कि जब वह भागने की कोशिश कर रहे थे, तो आरोपी ने उनकी पीठ पर दोबारा वार किया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी.
आरोपी जसबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज
सात्विक ने अपने भाई साकेत को फोन किया, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे मोहाली के फेज 4 स्थित चीमा अस्पताल ले गए. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली. जसबीर सिंह, जो बलियाली गांव का निवासी है, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) (खतरनाक हथियार से जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.