हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप सी के मुकाबले में यूएई ने भारत के 95 रन के लक्ष्य को महज 4.2 ओवर में हासिल कर लिया।
टीम ने चार विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। भारत के गेंदबाज यूएई के बल्लेबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। टीम इंडिया को लगातार दूसरे मुकाबले में हारकर शर्मसार होना पड़ा।
भारतीय बल्लेबाजों को UAE के गेंदबाजों ने किया परेशान
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यूएई के गेंदबाज जाहिद अली ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को शुरुआती झटके दिए। उन्होंने नितीश राणा, राहुल तेवतिया और राहुल त्रिपाठी को पवेलियन भेजकर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। मोहम्मद फारूक और मोहम्मद फराजुद्दीन ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
राहुल त्रिपाठी ने जरूर आक्रामक अंदाज दिखाया और महज सात गेंदों में 24 रन ठोक दिए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। भारतीय टीम एक समय 53 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।
टी नटराजन ने संभाली भारत की पारी
मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को टी नटराजन ने संभालने की कोशिश की। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 38 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से चार छक्के और तीन चौके निकले। उनकी इस पारी की बदौलत भारत निर्धारित छह ओवरों में छह विकेट खोकर 94 रन बनाने में सफल रहा।
यूएई ने किया धांसू चेज
95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। खालिद शाह और अंश टंडन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजी की धज्जियां उड़ाते हुए महज 4.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
खालिद शाह ने सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए। उनकी पारी में चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली। वहीं अंश टंडन ने भी 12 गेंदों में नाबाद 39 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 97 रन की अविजित साझेदारी हुई। इस तरह यूएई ने बिना कोई विकेट गंवाए भारत को चार विकेट से हरा दिया।