अफगानिस्तान वर्सेस जिम्बाब्वे दूसरा टी20 क्या कमाल का रहा। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने महज 5 रन पर 4 विकेट खो दिए थे, तब ऐसा लग रहा था कि जिम्बाब्वे इस मैच को आसानी से जीत जाएगा।
देखते ही देखते 38 के स्कोर पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। मगर इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई का जो तूफान आया उसकी पूरी दुनिया कायल हो गई। इस मैच में नंबर-6 पर बैटिंग करने उतरे इस हरफनमौला ने ना सिर्फ टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला बल्कि शतक जड़ एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
अजमतुल्लाह उमरजई का नया रिकॉर्ड
अजमतुल्ला ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20I में 50 गेंदों पर 5 चौकों और 12 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 116 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी के दम पर वह अपनी टीम को 200 के पार ले जाने में कामयाब रहे। निर्धारित 20 ओवर में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के सामने 222 रनों का मुश्किल टारगेट रखा, ऐसा तब हुआ जब लग रहा था कि अफगानिस्तान की पूरी टीम 100 रन के अंदर ही सिमट जाएगी।
अजमतुल्लाह उमरजई इसी के साथ फुल मेंबर टीमों में नंबर-6 पर बैटिंग करते हुए शतक लगाने वाले पहले गेंदबाज बने हैं। जी हां, इससे पहले यह कारनामा और कोई खिलाड़ी नहीं कर पाया है। पिछला हाईएस्ट स्कोर भी अफगानिस्तान के बल्लेबाज के नाम ही दर्ज था। मोहम्मद नबी ने आयरलैंड के खिलाफ 2017 में 89 रनों की पारी खेली थी।
नंबर 6 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए सबसे ज़्यादा T20I स्कोर (फुल मेंबर टीम)
116 – अजमतुल्लाह उमरजई (v ZIM, 2026)*
89 – मोहम्मद नबी (v IRE, 2017)
87 – सैम बिलिंग्स (v WI, 2019)
85* – कैमरन व्हाइट (v SL, 2010)
85* – डेविड मिलर (v PAK, 2021)
जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान को दी कड़ी टक्कर
222 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने अफगानिस्तान को जबरदस्त टक्कर दी। कप्तान सिकंदर रजा के दम पर जिम्बाब्वे ने भी इस मैच में 200 रन का आंकड़ा पार किया, मगर वह जीत की रेखा पार नहीं कर पाए। सिकंदर रजा ने 56 गेंदों पर 5 चौकों और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 106 रन बनाए, मगर दूसरे छोर से मदद ना मिलने की वजह से वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए। अफगानिस्तान ने इस मैच को 19 रनों से जीता। अफगानिस्तान ने मैच के साथ-साथ सीरीज को भी अपने नाम किया।