इंग्लैंड को लगातार 3 हार के बाद नसीब हुई जीत, ट्राई सीरीज में श्रीलंका को 55 रनों से हराया

इंग्लैंड की टीम को गुरुवार को पाकिस्तान में खेली जा रही ट्राई सीरीज में पहली जीत नसीब हुई। इंग्लैंड ने बेन डकेट के शतक की बदौलत श्रीलंका को 55 रनों से हराया। श्रीलंका की टीम पहले ही फाइनल में जगह बना चुकी है।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेन डकेट की शतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 386 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम पवन के शतक के बावजूद 45.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 331 रन ही बना सकी। इंग्लैंड की टीम ने इससे पहले लगातार तीन मुकाबले गंवाए थे और फाइनल की रेस से बाहर हो गई थी। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच शनिवार को फाइनल खेला जाएगा।

श्रीलंका के पवन ने लगाया शतक

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। टीम ने चौथे ओवर में कमिंडु मेंडिस का विकेट गंवाया। अविष्का फर्नाडो और कुसल मेंडिस ने पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 76 गेंद में 84 रन की साझेदारी हुई। अविष्का 48 और मेंडिस 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दसुन ने 4 और जनिथ ने 27 रन की पारी खेली। साहन ने 30 रन बनाए। वेल्लागे एक रन ही बना पाए। पवन रत्नायके ने 77 गेंद में 15 चौके और एक छक्के की मदद से 118 रन की दमदार पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से लियाम डासन ने 4 विकेट चटकाए।

इससे पहले इंग्लैंड की टीम के लिए बेन डकेट ने 132 गेंदों में 24 चौके की मदद से 167 रन बनाए। उनके अलावा टॉम बैंटन ने 75 गेंद में 74 रन बनाए। कप्तानी हैरी ब्रूक ने 34 गेंद में 44 रन की पारी खेली। विल जैक्स ने 21 गेंद में 30 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज जार्डन कॉक्स ने 27 गेंद में 43 रन बनाए। सैम करन ने 12 गेंद में 21 रन की पारी खेली। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नाडो ने दो विकेट चटकाए।

इंग्लैंड की चार मैचों में पहली जीत

इंग्लैंड की टीम का पाकिस्तान में ट्राई सीरीज में प्रदर्शन बेहद खराब रहा। लगातार तीन मैच हारने के बाद इंग्लैंड की टीम को श्रीलंका के खिलाफ पहली जीत मिली। टीम को पहले मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 87 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 302 रन बनाए थे, इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम दमदार शुरुआत के बावजूद 38.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 215 रन ही बना सकी। दूसरे मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में वनडे इतिहास का दूसरा सफल रन चेज करके इतिहास रच दिया। इंग्लैंड ने 50 ओवर में हैरी ब्रूक के दोहरे शतक की बदौलत 4 विकेट खोकर 429 रन बनाए लेकिन श्रीलंका ने पवन रत्नायके के शतक और अविष्का-शनाका के 97-97 रनों की बदौलत 49.5 ओवर में 8 विकेट पर 430 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने करीबी मुकाबले में इंग्लैंड को हराया। इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 46.4 ओवर में 241 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम एक समय संघर्ष कर रही थी और हार के कगार पर खड़ी थी लेकिन फिर शादाब खान ने शतकीय पारी खेलकर टीम को एक विकेट से जीत दिलाई। इंग्लैंड ने गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ 55 रनों से जीत हासिल करने सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की।

Leave a Comment