अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक की बदौलत भारत ने मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में छह विकेट से आसानी से विजयी परचम फहराया। भारत ने वेलिंगटन के मैदान पर 199 रनों का लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया।
प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक ने 38 गेंदों में 9 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 113 रनों की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 297.37 का रहा। यह ताबड़तोड़ बैटिंग के लिए मशहूर अभिषेक के टी20 इंटरनेशनल करियर की चौथी सेंचुरी थी। स्टार सलामी बल्लेबाज इस फॉर्मेट में भारत के लिए 70 मैचों में 14 अर्धशतकीय पारियां भी खेल चुका है। 26 वर्षीय अभिषेक ने एक जबर्दस्त कारनामा अंजाम दिया है।
अभिषेक ने तोड़ा सूर्यकुमार का वर्ल्ड रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 प्लस स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने 14वीं बार यह कारनामा अंजाम दिया है। अभिषेक ने पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा है। सूर्या ने 200 प्लस स्ट्राइक रेट से 13 मर्तबा पचास प्लस स्कोर बनाए। सूर्या के नेतृत्व में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीता था लेकिन बल्ले से खराब फॉर्म के कारण उन्हें ना सिर्फ कप्तानी गंवानी पड़ी बल्कि टीम से भी बाहर हो गए। अभिषेक और सूर्या के बाद लिस्ट में वेस्टइंडीज के एविन लुईस और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। दोनों ने 200 प्लस स्ट्राइक रेट से आठ पचास प्लस पारियां खेलीं।
T20I में 200+ स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
14 – अभिषेक शर्मा (भारत)
13 – सूर्यकुमार यादव (भारत)
8 – एविन लुईस (वेस्टइंडीज)
8 – ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)
7 – संजू सैमसन (भारत)
6 – जोस बटलर (इंग्लैंड)
भारत ने लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीती
वेलिंगटन T20I की बात करें तो अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और भारत ने न्यूजीलैंड को 40 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। अभिषेक की विस्फोटक पारी के सामने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (19 गेंद में 45 रन) की शानदार बल्लेबाजी भी कई मौकों पर फीकी नजर आई। अभिषेक ने 35 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में ध्यान मुद्रा बनाकर जश्न मनाया। भारत ने इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की धरती पर लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले भारतीय टीम ने 2020 में 5-0 और 2022 में 1-0 से सीरीज अपने नाम की थी।