न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम ने टी20 सीरीज में जोरदार शुरुआत करते हुए 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है. टीम इंडिया ने अपने दोनों मैच दमदार प्रदर्शन के साथ जीते. जहां इन दोनों मुकाबलों ने फैंस को एंटरटेन किया है, वहीं सबसे ज्यादा इंतजार वनडे सीरीज का हो रहा है, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा को देखने का मौका मिलेगा.
सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि इन दोनों सितारों ने भी पूरा ध्यान सीरीज पर लगा दिया है और इसके लिए अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है.
भारत-न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी, जिसमें 5 मैच खेले जाएंगे. इस सीरीज के साथ ही 6 साल बाद कोहली-रोहित न्यूजीलैंड की जमीन पर लौटेंगे, जो उनकी इस देश में आखिरी सीरीज होगी. ऐसे में सिर्फ फैंस और क्रिकेट बोर्ड ही नहीं बल्कि दोनों दिग्गज भी इसे भुनाने और यादगार बनाने के लिए पूरा जोर लगाने को तैयार हैं और ये उनकी तैयारियों में दिखने लगा है.
मुंबई में कोहली ने किया जमकर अभ्यास
इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतकों का पीछा कर रहे विराट कोहली ने वनडे सीरीज के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है. हाल ही में उन्होंने मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया. एक जोरदार नेट सेशन में उन्होंने अपना आत्मविश्वास और शानदार स्ट्रोकप्ले दिखाया. कोहली ने अपने खेल को निखारने के लिए लगभग दो घंटे तक नेट पर बल्लेबाजी की. दूसरी ओर रोहित शर्मा ने मुंबई में अपनी फिटनेस ड्रिल्स शुरू कर दीं और खुद को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए अभ्यास करते हुए दिखे.
2026 में कोहली की शानदार फॉर्म
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में कोहली जबरदस्त फॉर्म में उतरेंगे. उन्होंने इस साल वनडे क्रिकेट की 9 पारियों में 69 की औसत और 118 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 552 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. इसमें भी एक पारी में वो 93 रन पर आउट हुए थे. उन्होंने न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के खिलाफ एक-एक शतक लगाए. हालांकि इंग्लैंड दौरे पर वो शतक नहीं लगा पाए लेकिन 3 मैच की सीरीज में 48 की औसत से उन्होंने 144 रन जरूर बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे.