जिसने इंग्लैंड की आधी टीम को निपटाया, उसकी उम्र जानकर चौंक गए कप्तान हैरी ब्रूक

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने तीन देशों की वनडे सीरीज में अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा है. पहले मैच में श्रीलंका को आसानी से हराने के बाद पाकिस्तान के सामने इंग्लैंड की मुश्किल चुनौती थी लेकिन शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी वाली टीम ने ये काम भी बिना परेशानी के कर दिया.

पाकिस्तान को 87 रन से मिली इस जीत के स्टार रहे स्पिनर अराफात मिन्हास, जिन्होंने न सिर्फ अर्धशतक जमाया बल्कि आधी इंग्लिश टीम को पवेलियन भी लौटाया. मगर जितना हैरान मिन्हास की गेंदों ने किया, उतने ही हैरान इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक इस गेंदबाज की उम्र जानकर हो गए.

रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में अराफात मिन्हास ने 59 रन की पारी खेली, जिसके दम पर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 302 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की विस्फोटक बल्लेबाजी भी सिर्फ 215 रन तक पहुंच सकी. इसकी वजह अराफात मिन्हास ही बने, जिन्होंने अपनी स्पिन के जाल में फंसाकर इंग्लैंड के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया.

उम्र जानकर चौंक गए ब्रूक

मिन्हास का शिकार बनने वाले बल्लेबाजों में खुद कप्तान हैरी ब्रूक भी शामिल थे, जो उनकी स्पिन को समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए. आउट होने के बाद ब्रूक के चेहरे पर हैरानी के भाव थे. मगर उतनी ही हैरानी उनके चेहरे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दिखी, जब उन्हें पता चला कि मिन्हास सिर्फ 21 साल के हैं. ब्रूक ने कहा, ‘क्या वो सच में 21 साल का है? मुझे ये नहीं पता था.’

 

 

मिन्हास की तारीफ, मानी अपनी गलती

ब्रूक ने आगे मिन्हास की गेंदबाजी की तारीफ की और कहा कि उन्होंने इंग्लिश टीम को परेशान किया और क्योंकि उनकी टीम ने इस गेंदबाज को ज्यादा खेला नहीं है. हालांकि ब्रूक ने ये भी स्वीकार किया कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने अराफात मिन्हास के खिलाफ ज्यादा सतर्कता बरती और उन्हें पाकिस्तानी स्पिनर पर दबाव डालने की कोशिश करनी चाहिए थी. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच इसी सीरीज में अभी एक मैच और होना है, जिसमें फिर से ब्रूक और मिन्हास का आमना-सामना होना तय है. ऐसे में ये देखने लायक होगा कि इंग्लैंड के कप्तान और उनके बल्लेबाज कैसे इस गेंदबाज से निपटते हैं.

Leave a Comment