Babar Azam: 2000 रन. बाबर आजम ने रचा नया इतिहास, ऐसा करने वाले बने सबसे तेज पाकिस्तानी खिलाड़ी

Babar Azam: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने वनडे क्रिकेट में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. पाकिस्तान में खेली जा रही ट्राई वनडे सीरीज के तहत मंगलवार को इंग्लैंड के खिलाफ रावलपिंडी में दूसरे मुकाबले में बाबर ने अपनी घरेलू सरजमीं पर 2000 वनडे रन पूरे कर लिए.

इस मुकाम तक पहुंचने के साथ ही वो पाकिस्तान की धरती पर सबसे तेज 2000 वनडे रन बनाने वाले पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं. मैच से पहले बाबर को इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 23 रनों की दरकार थी. उन्होंने 52 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली और आउट होने से पहले रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

बाबर ने 37 पारियों में रचा इतिहास

इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, जिसके बाद पाकिस्तानी पारी की शुरुआत काफी खराब रही. सलामी बल्लेबाज फखर जमान मैच की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. फिर नंबर तीन पर उतरे बाबर आजम ने एक छोर संभाला, लेकिन पावरप्ले के अंदर ही दूसरे ओपनर सैम अयूब भी चलते बने. शुरुआती झटकों के बीच बाबर ने नई गेंद का अच्छे से सामना किया और जरूरी 23 रन बनाकर पाकिस्तान में 2000 वनडे रन पूरे किए.

हालांकि मील का पत्थर पार करने के तुरंत बाद वो इंग्लैंड के स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए. पाकिस्तान की धरती पर सबसे तेज 2000 वनडे रन बनाने के मामले में बाबर आजम ने देश के पूर्व दिग्गजों को काफी पीछे छोड़ दिया है.बाबर आजम ने ये मुकाम सिर्फ 37 पारियों में हासिल किया है. इससे पहले इंजमाम-उल-हक 48 पारियों के साथ टॉप पर थे. वहीं, मोहम्मद यूसुफ ने 49 पारियों में ऐसा किया था.

किसी एक देश में सबसे तेज 2000 रन

वर्ल्ड क्रिकेट के इतिहास में किसी एक देश की सरजमीं पर सबसे कम पारियों में 2000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी बाबर ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल कर लिया है. भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल इस लिस्ट में टॉप पर काबिज हैं, जिन्होंने भारत में सिर्फ 33 पारियों में 2000 वनडे रन पूरे कर लिए थे. वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज डेसमंड हेन्स 36 पारियों के साथ दूसरे पायदान पर हैं. वहीं, बाबर आजम ने साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक की बराबरी करते हुए संयुक्त तीसरा स्थान हासिल किया है.

Leave a Comment