मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां उसे तीन वनडे और तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। वनडे मैचों की सीरीज समाप्त हो चुकी है, जिसे साउथ अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम किया है।
एक टेस्ट मैच भी खेला जा चुका है, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 214 रनों से जीता था। अब दूसरा टेस्ट मैच सेंट जॉर्ज पार्क गेबेरहा में खेला जा रहा है, जिसका आज मंगलवार, 20 अक्टूबर को तीसरा दिन है। बारिश के कारण पहले दो दिनों तक खेल बाधित रहने के बाद इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम अच्छी स्थिति में नजर आ रही है।
कप्तान तेम्बा बावुमा ने शतकीय पारी खेली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपना पहला शतक लगाया है। साथ ही बावुमा का यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 5वां और बतौर कप्तान चौथा शतक है। इसी के साथ बावुमा ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वे गेबेरहा में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले दक्षिण अफ्रीकी कप्तान बन गए हैं। इससे पहले साल 1992 में केपलर वेसेल्स ने भारत के खिलाफ नाबाद 95 रन बनाए थे। हालांकि, वे शतक नहीं बना सके थे, लेकिन बावुमा ने शतक जड़कर इतिहास रच दिया है और स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
लड़खड़ाती हुई साउथ अफ्रीका को संभाला
बावुमा ने साउथ अफ्रीका की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला है और एक छोर पर अड़े रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि साउथ अफ्रीका का पहला विकेट 12 के स्कोर पर गिरा। दूसरा बल्लेबाज भी 12 के स्कोर पर आउट हुआ। तीसरा 25 रनों के योग पर पवेलियन लौटा। चौथा बल्लेबाज 40 रन के स्कोर पर आउट हुआ। पांचवां 92 और 6वां 110 रन पर पवेलियन लौटा। इन बल्लेबाजों से छोटी- छोटी साझेदारियां करने के बाद बावुमा ने 7वें विकेट के लिए मार्को यान्सेन के साथ 132 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 242 पर पहुंचा दिया। उस स्कोर के बाद यान्सेन के आउट होने के कारण बल्लेबाजी करने आए साइमन हारमन ने भी बावुमा का अच्छा साथ दिया और फिलहाल खेल के तीसरे दिन के दूसरे सत्र तक साउथ अफ्रीका की टीम 288 रन बना चुकी है। तेम्बा और साइमन के बीच 46 रनों की साझेदारी हो चुकी है। कप्तान बावुमा 241 गेंदों का सामना करते हुए 112 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी के दौरान कुल 12 चौके और 1 छक्का जड़ा है। मुकाबले में साइमन हारमर 17 रन बनाकर खेल रहे हैं। मार्को यान्सेन 87 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रियाल रिकल्टन ने 31, वियान मुल्डर ने 13, और एडेन मार्करम ने 11 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्क्वॉट बोलेंड ने 5 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए हैं।