Temba Bavuma Hundred vs Australia: गेकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन साउथ अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने कप्तानी पारी खेलते हुए मुकाबले का रुख पूरी तरह पलट दिया.
कंगारू तेज गेंदबाजों के सामने जब मेजबान टीम की पहली पारी सिर्फ 110 रन पर 6 विकेट गंवाकर गहरे संकट में थी, तब बावुमा ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का 5वां शतक पूरा किया.
बावुमा ने जड़ा यादगार शतक
इस मुकाबले में शुरुआती दो दिनों में बारिश और ऑस्ट्रेलियाई पेसर स्कॉट बोलैंड की घातक गेंदबाजी के चलते साउथ अफ्रीका ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 97 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए थे. कप्तान तेम्बा बावुमा दूसरे दिन के अंत में 41 रन बनाकर नाबाद लौटे थे. तीसरे दिन के खेल में वियान मुल्डर 13 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जिससे टीम का स्कोर 110 रन पर 6 विकेट हो गया और मेजबान टीम सस्ते में सिमटने के कगार पर आ गई थी.
लेकिन इसके बाद बावुमा ने क्रीज पर खूंटा गाड़ लिया और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया. उन्होंने 226 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया. ये टेस्ट फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका पहला शतक है. इस दौरान बावुमा को तेज गेंदबाज मार्को यानसेन का जबर्दस्त साथ मिला. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 132 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई और ऑस्ट्रेलियाई खेमे में खलबली मचा दी.
यानसेन के भी बनाए 85 रन
पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड जैसे धारदार तेज गेंदबाजों के खिलाफ यह शतकीय पारी बावुमा के टेस्ट करियर की सबसे जुझारू पारियों में से एक बन गई है. दूसरी ओर, यानसेन के 85 रन भी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हुए. उन्होंने कुल 100 गेंदों का सामना किया और 9 चौके- 3 छक्के जड़े. जिसके चलते साउथ अफ्रीका की टीम 300 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही.