भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 22 अक्टूबर से होने जा रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खत्म होने के 24 घंटे के अंदर ही भारतीय खिलाड़ी न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए।
अब पहले मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सबकी नजरें रहेंगी।
खास तौर पर यह देखना दिलचस्प होगा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलता है या उन्हें एक बार फिर बाहर बैठना पड़ता है। वैभव वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचों टी20 मैचों में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए थे। अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में भी उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।
वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर के बयान से भी संकेत मिले कि वैभव को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
संजू और वैभव में किसे मिलेगा मौका?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी पारी की शुरुआत कर सकती है। अभिषेक की जगह पर कोई सवाल नहीं दिख रहा, जबकि संजू को भी लगातार मौके मिलने की संभावना है। ऐसे में वैभव के लिए शुरुआती मुकाबले में टीम में जगह बनाना आसान नहीं होगा। अगर सीरीज के शुरुआती दो मैचों में संजू का बल्ला चल जाता है, तो वैभव की राह और मुश्किल होगी।
तीसरे नंबर पर ईशान किशन उतर सकते हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 में बारिश के कारण मैच रद्द होने से पहले उन्होंने केवल 10 गेंदों में 30 रन बनाए थे। उनके बाद श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी के लिए आएंगे। ईशान किशन की जगह को कोई खतरा नहीं है।
भुवनेश्वर संभालेंगे तेज गेंदबाजी की कमान
गेंदबाजी में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह तेज आक्रमण की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। भुवनेश्वर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 में वापसी की थी लेकिन बारिश के चलते उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला। प्रिंस यादव तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में प्लेइंग इलेवन में शामिल हो सकते हैं।
पहले मैच के लिए भारत की संभावित एकादश
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह।