बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है, जबकि कुछ खिलाड़ियों का इंतजार बढ़ गया है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद एक बार फिर टीम में जगह नहीं बना सके हैं।
भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने यशस्वी जायसवाल के न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम से बाहर होने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चेताया है कि कम इंटरनेशनल मैच खेलने से युवा बल्लेबाज के आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है। अश्विन का मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को उसे खेलने का मौका देना चाहिए।
उनका आत्मविश्वास टूट सकता है
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे और टेस्ट टीम की घोषणा की। जायसवाल को वनडे टीम में नहीं चुना गया जो अश्विन को नागवार गुजरा। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”अगर शुभमन गिल आखिरी दो वनडे नहीं खेल रहे हैं, तो निश्चित रूप से उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को चुना जाना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि इससे उनका आत्मविश्वास टूट सकता है।”
उन्होंने कहा, ”मैं शुभमन गिल और केएल राहुल की स्थिति को समझ सकता हूं। लेकिन यशस्वी जायसवाल को तो खेलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिल रहा है। मुझे लग रहा है कि इससे उसका आत्मविश्वास टूट रहा है। अगर आप उसकी बल्लेबाजी देखें तो वह दो-तीन साल पहले की तरह बल्लेबाजी नहीं कर रहा है।”
वह रन मशीन था
जायसवाल ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच में 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन बनाए थे। उन्हें विराट कोहली के चोटिल होने के कारण टीम में लिया गया था। अश्विन ने कहा कि यह सुनिश्चित करना चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वे जब भी संभव हो तब इस युवा सलामी बल्लेबाज को मौका दे।
उन्होंने कहा, ”वह रन मशीन था। अगर उसका आत्मविश्वास टूट रहा है, तो टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं को चाहिए कि जब भी संभव हो तब उसे मौका मिले। लेकिन उसे बिल्कुल भी मौके नहीं मिल रहे हैं और यह बहुत अन्यायपूर्ण है।” भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी।
भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर, फिटनेस मंजूरी मिलने पर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा (फिटनेस मंजूरी मिलने पर), आकाश दीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज।
पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।
आखिरी दो वनडे के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर और उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।