Poonam Raut: वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी, साझेदारी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, अब रिटायर हुईं भारतीय स्टार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर से मैदान पर उतर रही है. 16 अक्टूबर से भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी20 सीरीज का आगाज हो रहा है. मगर इस मैच से 24 घंटे पहले ही भारतीय टीम की एक अनुभवी बल्लेबाज ने संन्यास का ऐलान कर दिया.

भारत की दिग्गज सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया. पूनम ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसका ऐलान किया और टीम इंडिया के लिए खेलने को अपने लिए सबसे बड़ा सम्मान बताया.

37 साल की पूनम राउत ने गुरुवार 15 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर एक बयान पोस्ट किया और इस फैसले की जानकारी दी. मुंबई से आने वाली भारतीय महिला टीम की पूर्व बल्लेबाज पिछले 5 साल से भारतीय टीम से बाहर चल रही थीं. सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट ही नहीं बल्कि वो पिछले इतने ही सालों से घरेलू क्रिकेट का भी हिस्सा नहीं थीं. यहां तक कि WPL में भी उन्हें कभी मौका नहीं मिला.

पूनम के नाम दर्ज हुई ये उपलब्धियां

इन सबको ध्यान में रखते हुए ही पूनम ने अब संन्यास का ऐलान किया. हालांकि पूनम राउत का करियर लंबा जरूर रहा और खास तौर पर उन्होंने वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए कई मैच खेले. इसी फॉर्मेट में उनके नाम कुछ ऐतिहासिक उपलब्धियां भी रहीं, जिसमें वर्ल्ड कप 2017 के फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर भी था. इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम को करीबी शिकस्त का सामना करना पड़ा था और उस मैच में पूनम ने सबसे ज्यादा 86 रन बनाए थे.

इतना ही नहीं, पूनम के नाम महिला वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने ये रिकॉर्ड भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के साथ मिलकर बनाया था. दोनों ने 2017 में आयरलैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए 320 रन की साझेदारी की थी. ये महिला ODI क्रिकेट के इतिहास में न सिर्फ सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है, बल्कि 300 से ज्यादा रन की इकलौती साझेदारी भी है. पूनम ने इस पार्टनरशिप में 108 रन की पारी खेली थी.

ऐसा रहा पूनम का करियर

पूनम के करियर की बात करें तो उन्होंने 2009 में वनडे क्रिकेट से अपना डेब्यू किया था और उसी साल टी20 फॉर्मेट में भी कदम रखे थे. पूनम का टी20 करियर तो 2014 में ही रुक गया था लेकिन इसी साल उनका टेस्ट करियर शुरू हुआ. इन दोनों फॉर्मेट में ही पूनम 2021 तक इंटरनेशनल क्रिकेट का हिस्सा रहीं. कुल मिलाकर पूनम ने 4 टेस्ट मैच खेले और इसमें 1 शतक की मदद से 264 रन बनाए. वहीं 73 वनडे मैच में पूनम के बल्ले से 2299 रन आए, जिसमें 3 शतक और 15 अर्धशतक थे. वहीं 35 टी20 में उन्होंने 4 अर्धशतकों की मदद से 719 रन बनाए.

Leave a Comment