नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह टी20 क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इस साल अभिषेक अब तक 69 छक्के लगा चुके हैं। उन्होंने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2022 में 68 छक्के लगाए थे। खास बात यह है कि इसी साल टी20 विश्व कप में अभिषेक लगातार तीन पारियों में 0 के स्कोर पर आउट हुए थे। इसी साल उन्होंने टी20 में किसी टेस्ट खेलने वाली टीम के लिए 30 गेंदों में सबसे तेज शतक भी लगाया।
अभिषेक को इस सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में रॉस्टन चेज ने छोटे स्कोर पर आउट किया था, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने चेज की जमकर धुनाई की। इससे साफ होता है कि वह सचिन की एक खास आदत अपना चुके हैं और अगर वह इसी राह पर चलते रहे तो वह क्रिकेट के महान बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बनाने के बाद अपना करियर खत्म करेंगे।
हर कमी से पार पाने की आदत है खास
सचिन तेंदुलकर की खास बात यह थी कि वह हमेशा अपनी बल्लेबाजी पर काम करते रहते थे। सचिन के 24 साल लंबे करियर में सैकड़ों गेंदबाजों ने उनकी तकनीक में खामी निकाली। उनको आउट करने के अलग-अलग तरीके निकाले। अलग-अलग रणनीतियों से सचिन को फंसाया। सचिन इन सभी गेंदबाजों के प्लान में फंसे और आउट भी हुए, लेकिन बहुत कम बार ऐसा हुआ, जब सचिन एक ही तरीके से लगातार कई पारियों में आउट हुए। सचिन के पास हर गेंदबाज का जवाब था। इसी वजह से वह हमेशा ही रन बनाते रहे। बड़ी पारियां खेलते रहे और अपने करियर का अंतर 100 शतक लगाने के बाद किया।
अभिषेक में भी है सचिन वाला गुण
अभिषेक शर्मा ने अपने छोटे, लेकिन प्रभावी करियर में दिखाया है कि उनके अंदर भी सचिन तेंदुलकर वाली क्षमता है। अभिषेक को आउट करने की लिए भी टीमें अलग-अलग प्लान बनाती रहती हैं और एक-दो मैचों में उन्हें सफलता भी मिलती है, लेकिन तीसरे मैच में अभिषेक उन पर पार पा लेते हैं। इसके बाद विपक्षी टीम की जमकर धुनाई करते हुए पिछले मुकाबलों की कसर भी निकाल लेते हैं। उनकी यही क्षमता उन्हें खास बनाती है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में भी उन्होंने ऐसा करके दिखाया है। इससे पहले टी20 विश्व कप में 3 बार जीरो पर आउट होने के बाद और कई मैचों में बाउंसर पर आउट होने के बाद भी अभिषेक ने अपनी कमजोरी पर पार पाया है।
अभिषेक के सामने नई चुनौती
अभिषेक शर्मा सलामी बल्लेबाज हैं और पावरप्ले में ही ज्यादा रन बनाना पसंद करते हैं, लेकिन कई मौकों पर जब उन्हें पावरप्ले में ज्यादा बल्लेबाजी नहीं मिलती है तो उनके लिए फील्ड खुलने पर तेजी से रन बनाना मुश्किल हो जाता है। आईपीएल में भी देखा गया है कि वह बाद के ओवरों में तेजी से रन नहीं बना पाते हैं। ऐसे में अभिषेक को इस कमजोरी पर काम करना होगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में भी उनकी यह कमजोरी खुलकर सामने आई। ऐसे में अभिषेक को अपनी इस कमजोरी पर काम करना होगा। इसमें सिंगल और डबल लेने की क्षमता बेहद जरूरी होगी।