India vs West Indies: भारत दौरे पर आई वेस्टइंडीज की टीम के लिए कोई चला हो या नहीं लेकिन टीम के कप्तान शे होप ने सही मायनों में अपने प्रदर्शन से मिसाल पेश की. वनडे सीरीज में टीम को एक यादगार जीत दिलाने के साथ ही 2 शतक जमाने वाले होप ने टी20 सीरीज में भी यही कमाल किया है.
सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में अर्धशतक और शतक जमाने के बाद होप ने चौथे मैच में भी धुआंधार अर्धशतक जमा दिया. वहीं उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ सबसे तेज 100 रन भी पूरे किए.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 14 अक्टूबर को खेला गया. ये मैच इस स्टेडियम में बिल्कुल नई तैयार की गई पिच पर खेला गया, जिसमें वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी की. विंडीज टीम ने विस्फोटक अंदाज में आगाज किया, जिसकी वजह कप्तान शे होप और ज्वेल एंड्रयू. दोनों ने सिर्फ 4.2 ओवर में ही टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया.
10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
इसके बाद शिमरॉन हेटमायर का प्रकोप देखने को मिला, जिन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर खूब छक्के-चौके उड़ाए और सिर्फ 12 गेंदों में 33 रन कूटे. वहीं यहां से होप का हमला भी तेज हो गया और उसका ही असर था कि पावरप्ले खत्म होने पर वेस्टइंडीज का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 79 रन था. इस तरह वेस्टइंडीज ने 10 साल बाद भारत के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को तोड़ा. 2016 में वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में भारत के खिलाफ 78 रन बनाए थे. वहीं इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड (79/1) के स्कोर की बराबरी की, जो भारत के खिलाफ एक रिकॉर्ड है.
सबसे तेज 100 रन की बराबरी
जल्द ही टीम के 100 रन भी पूरे हो गए और यहां तक टीम सिर्फ 7.4 ओवर में ही पहुंच गई. ये भारत के खिलाफ टी20 में सबसे तेज 100 रन भी हैं. इस मामले में विंडीज टीम ने 2016 के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी की. हालांकि तब वेस्टइंडीज ने कोई विकेट नहीं गंवाया था. इस कमाल के कुछ ही देर बाद कप्तान शे होप ने एक बेहतरीन छक्का जमाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. उनका अर्धशतक 28 गेंदों में पूरा हुआ, जो इस टी20 सीरीज के 4 मैच में तीसरा मौका है, जब उन्होंने 50 का आंकड़ा पार किया.