AFG vs BAN Highlights: जीत से कम नहीं यह ड्रॉ, 142 ओवर की बैटिंग कर अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ टाल दिया हार

टेस्ट क्रिकेट आपका सबसे बढ़िया इम्तिहान लेता है। इसका सबूत बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान मैच में देखने को मिला जहां अफगानिस्तान की टीम ने दूसरी पारी में 142 ओवर की बैटिंग कर बांग्लादेश के खिलाफ निश्चित दिख रही हार को टाल दिया।

142 ओवर में से 92 ओवर तक अफगानिस्तान ने आखिरी दिन बैटिंग की। इस जीत के हीरो रहे अफगानी बल्लेबाज सेदीकुल्लाह अटल जिन्होंने अपना पहला ही टेस्ट शतक इस मुश्किल परिस्थिति में बनाया। उन्होंने 8 घंटे 34 मिनट तक बल्लेबाजी की और 332 गेंद खेलकर 111 रन की ऐसी पारी खेली जिसकी कल्पना शायद बांग्लादेश ने नहीं की थी।

बांग्लादेश को चाहिए थे 7 विकेट

चौथे दिन खेल खत्म होने तक बांग्लादेश जीत से 7 विकेट दूर थी और ड्राइविंग सीट पर थी, लेकिन सेदिकुल्लाह अटल कुछ और ही सोच कर उतरे थे। दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 132 रन के स्कोर से करने वाली अफगानिस्तान की टीम ने पांच और विकेट गंवाए लेकिन अंत तक संघर्ष करते हुए आठ विकेट पर 346 रन बना लिए और मैच ड्रॉ करा लिया।

आखिरी दिन फिसल गई बाजी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाले बांग्लादेश ने शुरुआती चार दिनों तक मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन आखिरी दिन अफगानिस्तान ने बाजी मार ली। टीम ने पहली पारी में 106 रन की बढ़त हासिल की और फिर दूसरी पारी सात विकेट पर 372 रन बनाकर घोषित कर दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ लिटन दास ने 102 रन की शतकीय पारी खेली। इससे बांग्लादेश को कुल 478 रन की विशाल बढ़त मिली और अफगानिस्तान को ऑलआउट करने के लिए चार से अधिक सत्र का समय भी मिला।

अफगानिस्तान की खराब शुरुआत

479 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले सात ओवरों में ही दो विकेट गंवा दिया। पहला विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आये अटल ने साढ़े आठ घंटे तक बल्लेबाजी करते हुए 332 गेंदों का सामना किया और 111 रन बनाए। अपना तीसरा टेस्ट खेल रहे अटल चौथी पारी शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के पहले बल्लेबाज बन गये। वह दिन के आखिरी सत्र में टीम के सातवें बल्लेबाज के तौर पर आउट हुये।

पुछल्ले बल्लेबाजों ने खेले 23 ओवर

अटल के आउट होने के बाद भी अफगानिस्तान के सामने 23 ओवर निकालने की चुनौती थी लेकिन 34 वर्षीय यामिन अहमदजई ने 85 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए। आठ देशों में फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल चुके काइस अहमद ने 80 गेंदें खेलकर नाबाद 49 रन की अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। दसवें नंबर के बल्लेबाज जिया-उर्र-रहमान ने भी 12 गेंदों का सामना कर टीम का साथ दिया।

बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने इस मैच में नौ खिलाड़ियों को आउट करने में योगदान देने के साथ एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया। इस तरह उन्होंने एक ही टेस्ट में विकेटकीपर के तौर पर नौ शिकार, शतक और अर्धशतक का अनोखा रिकॉर्ड बनाया। वह एक और विकेट में योगदान दे सकते थे, लेकिन अटल के 70 रन पर रहते हुए उनका मुश्किल स्टंपिंग का मौका चूक गया।

रहमत शाह ने ड्रॉ को बताया जीत के बराबर

मैच के बाद अफगानिस्तान के कप्तान रहमत शाह ने इस ड्रॉ को जीत के बराबर बताया। उन्होंने कहा ‘यह ड्रॉ असल में जीत के बराबर है। हमारे लड़कों ने शानदार प्रदर्शन किया। देखा जाए तो हमने पहले से ही योजना बना रखी थी। चाहे गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी, हम उसी योजना के अनुसार खेले। जहां रन बनाने की जरूरत थी, हमने रन बनाए और जहां समय लेने की जरूरत थी, हमने समय लिया। इसीलिए मैच ड्रॉ रहा।

Leave a Comment