IND vs WI T20Is: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 252 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली वेस्टइंडीज टीम के दो खिलाड़ियों को बड़ा झटका लगा है.
मैच के दौरान खेल भावना और नियमों के उल्लंघन को लेकर ICC ने कैरेबियाई बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल और मैच के हीरो रहे शेरफेन रदरफोर्ड को आचार संहिता का दोषी पाते हुए आधिकारिक फटकार लगाई है. दोनों खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है.
वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने आपा खोया
इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग मौकों पर मैदान पर आपा खोया था. पारी के छठे ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव की गेंद पर आउट होने के बाद पॉवेल अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सके और उन्होंने अपने बल्ले से गेंद को दूर दे मारा था. यह हरकत क्रिकेट उपकरणों के दुरुपयोग से जुड़े आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन है. जिसके चलते इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने उनके खिलाफ एक्शन लिया है.
वहीं, 37 गेंदों में 84 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले शेरफेन रदरफोर्ड 13वें ओवर में अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के दोषी बने. जब एक गेंद को उन्होंने वाइड माना और मैदानी अंपायर ने उसे वैध गेंद करार दिया, तो रदरफोर्ड आक्रामक अंदाज में अंपायर पर चिल्ला पड़े. ये आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन है, जिसके चलते उन्हें भी एक डिमेरिट पॉइंट मिला है.
मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने सुनाई सजा
एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल के मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ लेवल-1 उल्लंघन के तहत सजा तय की. दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने अपराध और मैच रेफरी की ओर से मिली सजा को स्वीकार कर लिया, जिसके चलते किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. आईसीसी आचार संहिता के तहत लेवल-1 उल्लंघन के मामलों में कम से कम आधिकारिक फटकार, अधिकतम खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जाने का प्रावधान है. दोनों खिलाड़ियों का यह 24 महीनों में पहला उल्लंघन था, इसलिए उन्हें आधिकारिक फटकार के साथ एक-एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है.