भारत और श्रीलंका के बीच आगामी वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के वेन्यू को लेकर चल रही सभी तरह की अटकलों पर BCCI ने रोक लगा दिया है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स का स्पष्ट रूप से खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम से पहला वनडे मैच अहमदाबाद शिफ्ट किया जा रहा है।
इससे पहले कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्य और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण पहले वनडे की मेजबानी छीन सकती है। हालांकि, बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि मैच अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा।
स्टैंडर्ड पॉलिसी के तहत हुआ है वेन्यू का चयन
मीडिया में चल रही खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। देवजीत सैकिया ने कहा, ‘उन मीडिया रिपोर्ट्स में कोई सच्चाई नहीं है जिनमें कहा जा रहा है कि दिल्ली में होने वाला भारत-श्रीलंका वनडे मैच अहमदाबाद शिफ्ट हो सकता है। बीसीसीआई की ओर से ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। हम मीडिया मित्रों से अनुरोध करते हैं कि वे शेड्यूल में किसी भी बदलाव या अपडेट के लिए केवल आधिकारिक बीसीसीआई संचार पर ही भरोसा करें।’ उन्होंने आगे कहा, ‘द्विपक्षीय सीरीजों के मुकाबलों का आवंटन एक तय और स्टैंडर्ड पॉलिसी के तहत किया जाता है, जिसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।’
13 दिसंबर को दिल्ली में होगा पहला वनडे, 19 को अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला
बीसीसीआई के आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे 19 दिसंबर को अहमदाबाद में आयोजित होना तय है। इस वनडे सीरीज के अलावा श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी खेलेगी।
सर्दियों में दिल्ली का प्रदूषण और पिछला इतिहास
दिसंबर के महीने में दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसके कारण अक्सर मैचों के आयोजन पर सवाल उठते रहे हैं। साल 2017 में भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट मैच के दौरान श्रीलंकाई तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल को मैदान पर उल्टी करते देखा गया था, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। उस समय बीसीसीआई के तत्कालीन कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने कहा था कि बोर्ड अक्टूबर से दिसंबर के बीच दिल्ली में मैचों के निर्धारण पर गंभीरता से विचार करेगा। भारत में खेले गए 2023 वनडे विश्व कप के दौरान भी दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में बांग्लादेश और श्रीलंका के मैच के दौरान प्रदूषण का मुद्दा उठा था। दोनों टीमों ने अपने प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिए थे और कई खिलाड़ी मास्क पहनकर अभ्यास करते दिखे थे।