Ranji Trophy: उम्र 19 साल, शतक ठोक मचाया बवाल, जानिए कौन हैं सीराम राहुल?

रणजी ट्रॉफी के ग्रुप बी के मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने कर्नाटक जैसी मजबूत टीम के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक आंध्रा की टीम 6 विकेट पर 331 रन बना चुकी थी जबकि कर्नाटक ने 274 रन ही बनाए थे.

आंध्रा की कामयाबी में सीराम वेंकटा राहुल और विकेटकीपर रेवंत रेड्डी का बड़ा हाथ रहा. राहुल ने 187 गेंदों में नाबाद 112 रन ठोका वहीं रेवंत रेड्डी महज 3 रन से शतक चूके और उन्होंने 97 रनों की पारी खेली. सीराम राहुल की बात करें तो ये इस खिलाड़ी का डेब्यू मैच है और उनकी उम्र महज 19 साल ही है.

कौन हैं सी राम राहुल

सी राम राहुल 2 दिन पहले ही 19 साल के हुए हैं, इससे पहले वो आंध्र प्रीमियर लीग में खेल रहे थे, जहां उन्होंने कमाल प्रदर्शन कर रणजी टीम में जगह बनाई. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने विजयवाड़ा की पिच पर कर्नाटक के गेंदबाजों का जमकर सामना किया. छठे नंबर पर उतरकर इस खिलाड़ी ने रेवंत रेड्डी के साथ मिलकर 202 रन जोड़े. इस साझेदारी ने कर्नाटक को पहली पारी में पछाड़ दिया. शेख रशीद ने भी 54 रनों की अहम पारी खेली.

 

 

कर्नाटक की बैटिंग रही फेल

इससे पहले कर्नाटक की बल्लेबाजी फेल साबित हुई. केएल राहुल सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए. मयंक अग्रवाल महज 5 रन बना सके. अनीश केवी पहली गेंद पर आउट हो गए. करुण नायर भी 19 ही रन बना सके. हालांकि इसके बाद स्मरण रविचंद्रन ने 218 गेंदों में 126 रन बनाकर टीम को संभाल लिया. विकेटकीपर कृष्णा श्रीजीत ने भी 58 रनों की पारी खेली. हालांकि ये टीम 300 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाई और आंध्र ने पहली पारी में इनका स्कोर भी पीछे छोड़ दिया.

Leave a Comment