भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों को भी हैरान कर दिया। भारतीय उपकप्तान तिलक वर्मा एक अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गए।
उन्हें लगा कि गेंद बाउंड्री की ओर चली गई है लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने चुस्ती दिखाते हुए उन्हें रन आउट कर दिया।
यह घटना भारतीय पारी के 17वें ओवर में हुई, जब गुडाकेश मोती गेंदबाजी कर रहे थे। तिलक वर्मा और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद थे। दोनों बल्लेबाजों की सुस्ती का फायदा विंडीज ने उठाया और रन बना रहे तिलक वर्मा को आउट करके वापस भेज दिया, इसके जिम्मेदार तिलक वर्मा खुद हैं।
बाउंड्री समझकर बेफिक्र हो गए तिलक और अक्षर
गुडाकेश मोती ने ओवर में चौथी गेंद लेग स्टंप की तरफ लो फुलटॉस डाली। अक्नेषर पटेल ने उसे लेग साइड में खेला, जहां डीप स्क्वायर लेग पर खड़े कामिल पूरन ने गेंद को रोकने के लिए बाईं ओर डाइव लगाई। गेंद को रोकने के दौरान उन्होंने उसे अपने दाईं ओर धकेल दिया। गेंद बाउंड्री के करीब पहुंच गई लेकिन पूरन ने उसे रस्सी पार जाने से रोक लिया।
इस बीच तिलक वर्मा और अक्षर पटेल को लगा कि गेंद चौके के लिए चली गई है। दोनों बल्लेबाज दूसरा रन पूरा करने के दौरान एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए भी नजर आए और आधी पिच पर रुक गए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि गेंद अभी डेड नहीं हुई है और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी रन आउट करने का मौका तलाश रहे हैं।
बेवकूफी भरी हरकत से आउट हुए तिलक वर्मा
वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों ने तुरंत गेंद विकेटकीपर शाई होप की तरफ फेंकी। अक्षर पटेल स्ट्राइकर छोर पर समय रहते क्रीज में लौट आए लेकिन इसके बाद गेंदबाज के छोर पर तिलक वर्मा मुश्किल में पड़ गए।
शाई होप ने गेंद गुडाकेश मोती की तरफ भेजी। तिलक उस समय सहजता से क्रीज की ओर लौट रहे थे और उन्हें खतरे का अंदाजा नहीं था। मोती ने गेंद से गिल्लियां बिखेर दीं और वेस्टइंडीज ने रन आउट की अपील की। इसके बाद तीसरे अंपायर के फैसले की जरूरत पड़ी और तिलक को आउट दिया गया।
फ्लॉप हो गई भारतीय बैटिंग
टॉस हारकर पहले खेलते हुए टीम इंडिया 223 रन बनाकर आउट हो गई। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में सबसे ज्यादा 69 रन बनाए। ईशान किशन ने 37 और तिलक वर्मा ने 28 रन बनाए। अन्य सभी खिलाड़ी बुरी तरह फ्लॉप हो गए। श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, नमन धीर आदि खिलाड़ी कुछ नहीं कर पाए।