नहीं देखा होगा ऐसा रन आउट, तिलक वर्मा को लापरवाही ले डूबी, बचकानी गलती से गंवाया विकेट

India vs West Indies: इंदौर में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टी20 मैच में एक ऐसा रन आउट हुआ, जिसे देखकर या तो खूब हंसी आएगी या फिर अपना माथा पीट लेंगे. होलकर स्टेडियम में रविवार 11 अक्टूबर को खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी की.

टीम के लिए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने तूफानी पारियां खेलीं. फिर तिलक वर्मा ने भी स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया. मगर फिर अचानक एक बाउंड्री के चक्कर में वो रन आउट हो गए. ऐसा रन आउट, जो शायद ही पहले कभी देखा होगा.

ये हुआ भारतीय पारी के 17वें ओवर में. वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती गेंदबाजी कर रहे थे. उनके ओवर की चौथी गेंद फुलटॉस थी, जिसे अक्षर पटेल ने फ्लिक करते हुए स्क्वायर लेग की ओर खेल दिया. अक्षर और तिलक ने तेजी से एक रन पूरा किया. वहीं फील्डर कामिल पूरन ने डाइव लगाकर गेंद को रोकने की कोशिश की. उन्होंने गेंद को रोका लेकिन ऐसा लगा कि वो बाउंड्री को छू चुके थे.

बस यही समझने की गलती तिलक और अक्षर कर गए. दोनों ने पहला रन तो तेजी से पूरा किया लेकिन दूसरे रन के लिए बीच में रुक गए. उन्होंने यही समझा कि चौका जा चुका है और फिर आराम से चलते-चलते अपनी क्रीज की ओर गए. वहीं फील्डर ने गेंद विकेटकीपर के पास फेंकी, जिन्होंने रन आउट के लिए स्टंप गिरा दिया और फिर तुरंत गेंदबाज के पास गेंद फेंक दी. गेंदबाज गुडाकेश मोती ने भी गेंद को स्टंप पर मार दिया, जबकि तिलक वर्मा उस वक्त क्रीज से बहुत दूर थे.

हुआ ये कि विकेटकीपर शे होप और फिर गुडाकेश मोती ने भी सिर्फ औपचारिकता के लिए ऐसा किया था क्योंकि उन्होंने भी इसे चौका मान लिया था. मगर जैसे ही थर्ड अंपायर ने बाउंड्री चेक की तो दिखा कि फील्डर ने गेंद को सही से रोक लिया था और ये चौका नहीं था. ऐसे में फिर वेस्टइंडीज ने रन आउट की अपील की और यहां पर तिलक की लापरवाही और बचकानी गलती सामने आई.

पहले अक्षर पटेल का रन आउट देखा गया लेकिन वो क्रीज के अंदर पहुंच गए थे. फिर गेंदबाज के छोर का रिप्ले देखा गया और यहां साफ हो गया कि तिलक रन आउट हैं. भारतीय बल्लेबाज आराम से चलते हुए क्रीज की ओर बढ़ रहे थे लेकिन जब मोती ने रन आउट किया, तब वो 2-3 मीटर दूर थे. इसलिए उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा. तिलक ने 16 गेंदों में 28 रन बनाए.

Leave a Comment