चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2027 से पहले अपनी कोचिंग टीम में बड़ा बदलाव किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, टीम ने अपने लंबे समय से बल्लेबाजी कोच रहे माइकल हसी से अलग होने का फैसला किया है . क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज अब CSK के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा नहीं होंगे . इसके साथ ही टीम के साथ उनका करीब 14 साल पुराना रिश्ता खत्म हो जाएगा . CSK में हसी का सफर एक खिलाड़ी से लेकर बल्लेबाजी कोच तक रहा है .
माइकल हसी आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे. उन्होंने टीम के लिए एक ओपनर के तौर पर खेलना शुरू किया. वह 2010 से 2013 तक CSK का हिस्सा रहे और फिर 2015 में टीम में लौटे. इसके बाद साल 2018 में उन्होंने बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली. हसी ने पूर्व कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ मिलकर टीम के बल्लेबाजों पर काम किया. उन्हें ‘मिस्टर क्रिकेट’ के नाम से भी जाना जाता है. उन्होंने कई खिलाड़ियों के साथ अच्छा तालमेल बनाया, जिनमें मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी शामिल हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, CSK मैनेजमेंट ने हसी को अपने फैसले की जानकारी दे दी है. अब वह आईपीएल की दूसरी टीमों में कोचिंग के मौके तलाश रहे हैं. हसी के अलावा फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर के भविष्य पर भी सवाल बने हुए हैं. उनकी कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है. टीम मैनेजमेंट नए विकल्पों पर विचार कर रहा है.
CSK में ये बदलाव स्टीफन फ्लेमिंग के मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद हो रहे हैं. फ्लेमिंग के नेतृत्व में टीम ने पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीती थीं. रिपोर्ट के अनुसार, भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को एक साल के लिए नया मुख्य कोच बनाया गया है. वहीं, मोहित शर्मा गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. अब देखना होगा कि नई कोचिंग टीम के साथ CSK आईपीएल 2027 में कैसा प्रदर्शन करती है.