सलमान अली आगा को लंबे समय तक बतौर कप्तान टेस्ट करने के बाद अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साहिबजादा फरहान की तरफ रुख किया है। श्रीलंका की टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां उसे मेजबान टीम के साथ तीन टी-20 मैच और दो टेस्ट मैच खेलने हैं।
पहला टी-20 मैच रावलपिंडी में खेला जा चुका है। शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका पर 4 विकेट से जीत दर्ज की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ने इसे 7 गेंदें शेष रहते 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
श्रीलंका ने बनाए 182 रन, लाहिरू ने खेली 91 रनों की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। 9 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। इसके बाद 18 रनों के स्कोर पर दूसरा बल्लेबाज भी पवेलियन लौट गया। हालांकि, इसके बाद लाहिरू उदरा और कामिंदु मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी की। 78 पर तीसरा विकेट गिरने के बाद 83 पर चौथा भी गिर गया। हालांकि, इसके बाद लाहिरू और शनाका के बीच 57 रनों की साझेदारी हुई। आखिर में लाहिरू ने वेलालगे के साथ मिलकर 27 रन जोड़े और टीम का स्कोर आखिरकार 20 ओवर में 182 रन 8 विकेट के नुकसान पर पहुंचा दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज लाहिरू उदरा ने 55 गेंदों में 91 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 11 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके अलावा कामिंदु मेंडिस ने 23 और दसुन शनाका ने 18 रन बनाए। बाकी के 8 बल्लेबाजों में से कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं पार कर सका। कप्तान कुसल मेंडिस 1, कामिल 6, सहन आचिरागे 1, दुनिथ वेलालगे 5, तीक्षणा 1, चमीरा 6 और ईशान मलिंगा ने 1 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से इस मैच में नसीम शाह ने 3, मोहम्मद इमरान रंधावा ने 2 विकेट लिए। इसके अलावा शादाब खान, सैम अयूब और रजाउल्लाह को 1-1 विकेट मिले। अबरार अहमद को कोई विकेट हाथ नहीं लगा।
पाकिस्तानी कप्तान का कहर, 7 गेंदे शेष रहते मिली जीत
183 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत दमदार रही और फखर जमान और साहिबजादा फरहान के बीच अर्धशतकीय साझेदारी के बाद पहला विकेट 54 के स्कोर पर गिरा। साहिबजादा फरहान और सदाकत के बीच 92 रनों की साझेदारी हुई और यहीं से लगा कि मैच खत्म हो गया है। इस मैच में कप्तान फरहान ने 53 गेंदों में 89 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और चार छक्के जडे। 167 से अधिक की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के कप्तान ने संयम और आक्रमण दोनों का परिचय दिया। फखर जमान ने 13 गेंदों में 21 रनों की पारी खेली। माज सदाकत ने 29 गेंदों में 50 रन बनाए और पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई। आखिर में पाकिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ाई जरूर लेकिन ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों ने अपना काम कर दिया था इस कारण स्कोर चेज करने में मेजबान टीम सफल रही। श्रीलंका के गेंदबाजों ने पाक बल्लेबाजों को ज्यादा चुनौती नहीं दी। ईशान मलिंगा और महीश तीक्षणा ने दो- दो विकेट लिए। नुमान थुशासा और दुश्मंथा चमीरा को 1-1 विकेट हासिल हुए।