भारत में जन्मे न्यूजीलैंड के क्रिकेटर जीत रावल ने प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. 38 वर्षीय जीत रावल का जन्म गुजरात में हुआ था, लेकिन जब वे अपनी युवावस्था में थे तब उनका परिवार न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गया था.
उन्होंने कीवी टीम के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 24 टेस्ट मैच खेले. सलामी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 39 टेस्ट पारियों में एक शतक और 7 फिफ्टी समेत 1143 रन बनाए थे.
जीत रावल कुछ साल भारत में ही रहे. गुजरात में उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई उसी स्कूल से की, जिसमें भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल पढ़ते थे. रावल ने कहा कि वे अपने करियर और उपलब्धियों से संतुष्ट होकर ही संन्यास का फैसला ले रहे हैं.
जीत रावल ने रिटायरमेंट पर कहा, “यह मेरे लिए बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है कि मैंने यह फैसला लिया. मैं इस फैसले से संतुष्ट हूं. मेरा बचपन का सपना था कि मैं न्यूजीलैंड के लिए क्रिकेट खेलूं और मुझे अपने सफर पर गर्व महसूस होता है. यह सिर्फ मेरा सपना नहीं था बल्कि मेरे पिता का भी सपना था. हमें एक अवसर नजर आया, इसलिए वे परिवार के साथ यहां शिफ्ट हो गए, जिससे मुझे अपने सपने को हकीकत में बदलने में आसानी हो.”
जीत रावल का करियर
जीत रावल ने नवंबर 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. अपने करियर की पहली टेस्ट पारी में उन्होंने 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी, वहीं दूसरी पारी में वह 36 रन बनाकर नाबाद लौटे थे. उनका आखिरी टेस्ट साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आया. सिडनी में खेले गए उस मैच की पहली पारी में जीत ने 31 रन बनाए और दूसरी पारी में 12 रन बनाकर आउट हो गए थे.
वो फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के एक लीजेंड रहे. 164 मैचों के विशालकाय करियर में उन्होंने 24 शतक सहित 10432 रन बनाए. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका औसत 47.91 का रहा और उन्होंने अपने करियर में 50 अर्धशतक भी लगाए.