भुवनेश्वर का कमबैक, तो शमी को मौका क्यों नहीं? भारतीय कोच से हुआ सवाल तो मिला ये जवाब

न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी काफी चौंकाने वाली रही. लगातार 2 IPL सीजन और घरेलू क्रिकेट में दमदार गेंदबाजी को इसकी वजह बताया जा रहा है.

करीब 4 साल बाद भुवनेश्वर की वापसी अपने आप में हैरानी भरी रही. मगर इसने साथ ही ये सवाल भी खड़ा कर दिया कि मोहम्मद शमी को ऐसा मौका क्यों नहीं दिया जा रहा? यही सवाल टीम इंडिया के कोच के सामने आया, जिन्होंने इसे सेलेक्टर्स पर टाल दिया.

अनुभव की भरपाई करेंगे भुवनेश्वर

वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची में शुक्रवार 9 अक्टूबर को होने वाले दूसरे टी20 मैच से पहले भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक से ये सवाल हुआ. मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए सितांशु कोटक से भुवनेश्वर की वापसी की वजह के बारे में पूछा गया. इस पर भारतीय कोच ने इसे सेलेक्टर का फैसला बताया लेकिन अपनी राय भी दी और कहा कि टीम में अनुभव की जरूरत इसकी एक वजह है.

कोटक ने इंग्लैंड दौरे का उदाहरण देते हुए कहा, “इंग्लैंड में मैंने निजी तौर पर महसूस किया जब बुमराह भी टीम में नहीं थे और टीम में युवा गेंदबाज थे, तब अनुभव की जरूरत पड़ती है. युवा खिलाड़ी अच्छा कर रहे हैं और इसलिए चुने जा रहे हैं लेकिन कुछ मौकों पर अनुभव भी जरूरी होता है.” उन्होंने दूसरी वजह भुवी के घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन को बताया और कहा कि सेलेक्टर्स को न्यूजीलैंड सीरीज के लिए उनकी जरूरत महसूस हुई होगी.

जब सेलेक्टर्स को लगेगी जरूरत…

मगर जब बात दिग्गज पेसर मोहम्मद शमी को लेकर आई तो कोटक अपनी राय देने से बचते दिखे. उन्होंने चयनकर्ताओं पर इस जवाब की जिम्मेदारी डालते हुए कहा कि शमी भी घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं और अच्छा कर रहे हैं और अगर सेलेक्टर्स को जरूरत महसूस हुई तो किसी का भी चयन हो सकता है. आपको याद दिला दें कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही शमी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं.

Leave a Comment