Jeet Raval: गुजरात में हुआ जन्म, न्यूजीलैंड के लिए खेला क्रिकेट, अब 38 की उम्र में किया संन्यास का ऐलान

Jeet Raval Retires From Professional Cricket: न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज और भारतीय मूल के क्रिकेटर जीत रावल ने 2026-27 के घरेलू सीजन से ठीक पहले प्रोफेशनल क्रिकेटर के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है.

सितंबर में 38 साल के हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड की नेशनल टीम के लिए 2016 से 2020 के बीच 24 टेस्ट मैच खेले हैं. मैदान से विदाई लेने के बाद अब रावल अपनी दूसरी पारी पर पूरी तरह ध्यान देंगे. वो एक ऑडिटिंग फर्म में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के रूप में काम कर रहे हैं, जो अब उनकी फुल टाइम जॉब होगी.

जीत रावल ने किया संन्यास ला ऐलान

गुजरात में जन्मे जीत रावल की क्रिकेट यात्रा काफी दिलचस्प रही है. रावल ने भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल के साथ अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पढ़ाई की थी. स्कूल के दिनों में वो पार्थिव पटेल के ओपनिंग पार्टनर हुआ करते थे. इसके बाद उनका परिवार गुजरात छोड़कर ऑकलैंड बस गया. वहां उन्होंने न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीम से अपनी पहचान बनाई और दिसंबर 2008 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑकलैंड की ओर से फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया. जीत रावल ने साल 2016 में क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने 24 टेस्ट मैचों में 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाए. वो 2021 में भारत को हराकर पहला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) खिताब जीतने वाले न्यूजीलैंड स्क्वॉड के सदस्य थे.

संन्यास का ऐलान करते हुए रावल ने कहा, ‘यह फैसला लेना मेरे लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है. मैं पूरी तरह संतुष्ट और शांत महसूस कर रहा हूं. ब्लैक कैप्स के लिए खेलना बचपन का सपना था और आज जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो गर्व होता है. यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरे पिता का भी सपना था. उन्होंने एक मौका देखा और पूरे परिवार को न्यूजीलैंड ले आए ताकि मैं अपने इस सपने को जी सकूं.’

फर्स्ट-क्लास में 10000 रन ठोके

रावल न्यूजीलैंड के घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद और दिग्गज सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने अपने 292 फर्स्ट-क्लास पारियों में से 285 बार बतौर ओपनर बल्लेबाजी की और 37.36 की औसत से 10127 रन बनाए, जिसमें 23 शतक शामिल हैं. दिसंबर 2025 में वो फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 10000 रन पूरे करने वाले न्यूजीलैंड के 30वें बल्लेबाज बने थे. न्यूजीलैंड के फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट प्लंकेट शील्ड में उन्होंने 8662 रन बनाए. टूर्नामेंट के पूरे इतिहास में उनसे ज्यादा रन सिर्फ माइकल पैप्स, मैथ्यू सिंक्लेयर और पीटर फुल्टन के नाम दर्ज हैं. एक कप्तान के तौर पर उन्होंने 2024-25 सीजन में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स को एक दशक से भी ज्यादा समय बाद प्लंकेट शील्ड का खिताब जिताया था.

Leave a Comment