PSL 2027 venue Dates: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक बार फिर अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जा रहा है. PCB ने साल 2027 में होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 12वां सीजन का एलान कर दिया है.
यह टूर्नामेंट 18 मार्च से 2 मई के बीच खेला जाएगा. इसका मतलब है कि एक बार फिर PSL का शेड्यूल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से टकराने जा रहा है. यह लगातार तीसरी बार है, जब PSL की तारीखें IPL से टकराएंगी.
IPL दुनिया की सबसे बड़ी लीग है. साथ ही ये खेल की टॉप-5 लीग में भी शामिल है. इसमें दुनिया के बड़े-बड़े स्टार खिलाड़ी खेलते दिखाई देते हैं. वहीं, PSL अभी क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है. ऐसे में अगर दोनों लीग के मैच एक समय पर होंगे, तो जाहिर तौर पर PSL को नुकसान उठाना पड़ेगा. इससे पहले भी PCB को इसकी वजह से नुकसान झेलना पड़ा है.
PCB ने जारी की PSL 2027 का तारीखें
PSL 2027 का आयोजन 18 मार्च से 2 मई तक कराया जाएगा. इसी दौरान IPL भी खेला जाएगा, जिसका आयोजन मार्च से मई के बीच में किया जाएगा. ऐसे में छोटी लीग यानी PSL को नुकसान होना तय है. इसका सबसे ज्यादा टीवी और ऑनलाइन मैच देखने वाले दर्शकों पर होगा.
बता दें कि पाकिस्तान सुपर लीग की शुरुआत साल 2016 में हुई थी. पहले इस लीग का आयोजन फरवरी से मार्च के बीच कराया जाता था. उस समय IPL के शुरू होने तक PSL खत्म हो जाता था. हालांकि साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 में विश्व कप होने की वजह से इस लीग को अप्रैल-मई में शिफ्ट कर दिया गया.
जनवरी-फरवरी में क्यों नहीं करा रहे PSL?
क्रिकइंफो के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और फ्रेंचाइजियों ने पिछले महीने गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में PSL 2027 को जनवरी-फरवरी में कराने पर चर्चा की थी. हालांकि मैच को ब्रॉडकास्ट करने वाली कंपनी इससे खुश नहीं है. साल 2029 में तक मीडिया राइट्स रखने वाली कंपनी का कहना है कि रमजान के दौरान अधिकतर कंपनियां जमकर विज्ञापन देती हैं और अपना पूरा बजट खर्च कर देती हैं. ऐसे में अगले महीने PSL होने पर उनके पास विज्ञापन देने के लिए बजट ही नहीं होता है. इससे PSL में ब्रॉडकास्टर्स के लिए विज्ञापन से कमाई का मौका कम रह जाता है.
फ्रेंचाइजियों ने क्या कहा?
PSL की ज्यादातर फ्रेंचाइजियों का कहना है कि मार्च के बाद ही PSL का आयोजन कराया जाए. उनका कहना है कि जिन 4 मैदानों पर PSL के मैच खेले जाते हैं, उनमें 3 मैदानों (लाहौर, मुल्तान और रावलपिंडी) पर फरवरी में जमकर ठंड पड़ती है. इससे कोहरे कारण मैच के आयोजन पर असर पड़ता है. इसके अलावा खिलाड़ियों को ट्रैवल करने में भी परेशानी होती है. हालांकि गवर्निंग काउंसिल की बैठक में विंडो को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई.
पहले दुबई में होते थे मैच
बता दें कि PSL के मुकाबले पहले दुबई में खेले जाते थे. साल 2020 में PSL के सभी मैचों का आयोजन पाकिस्तान में कराया गया. इससे पहले लीग के सभी मैच UAE में कराए जाते थे. इससे वहां पर कोहरे की समस्या नहीं रहती थी. हालांकि अब इस लीग के मुकाबले पाकिस्तान में ही खेले जाते हैं.