धनंजय डी सिल्वा ने छोड़ी कप्तानी, श्रीलंका ने रिप्लेसमेंट का किया ऐलान, व्हाइट बॉल में भी संभाल चुका है कमान

Sri Lanka New Test Captain: श्रीलंका को टेस्ट क्रिकेट में नया कप्तान मिल गया है. धनंजय डी सिल्वा के कप्तानी छोड़ने के कुछ ही समय बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कुसल मेंडिस को रेड बॉल टीम की कमान सौंप दी है.

31 वर्षीय मेंडिस इससे पहले श्रीलंका की व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी कर चुके हैं, लेकिन टेस्ट में पहली बार उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है.

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की सिलेक्शन कमिटी की बैठक गुरुवार (8 अक्टूबर) को बोर्ड मुख्यालय में हुई. इसी बैठक में मेंडिस को टेस्ट कप्तान बनाने का फैसला लिया गया. इससे पहले इसी दिन धनंजय डी सिल्वा ने टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दिया था. उन्होंने कहा था कि अब टीम की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है. डी सिल्वा खिलाड़ी के तौर पर श्रीलंका के लिए खेलते रहेंगे.

व्हाइट बॉल में कर चुके हैं कप्तानी

कुसल मेंडिस के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी का अनुभव पहले से है. उन्होंने श्रीलंका की 22 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है. अब उन्हें टेस्ट टीम की कमान भी सौंप दी गई है.

दिलचस्प बात यह है कि मेंडिस इसी महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज में भी श्रीलंका की व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी करेंगे. यानी आने वाले दिनों में वह तीनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे.

पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार टेस्ट कप्तान के तौर पर उतरेंगे

कुसल मेंडिस का टेस्ट कप्तान के रूप में पहला इम्तिहान पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज में होगा. व्हाइट बॉल मुकाबलों के बाद श्रीलंका को नवंबर में पाकिस्तान का दौरा करना है, जहां दोनों टीमों के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.

सीरीज का पहला टेस्ट 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 से 21 नवंबर के बीच लाहौर में खेला जाएगा. यह पहली बार होगा जब मेंडिस टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका की कप्तानी करते हुए मैदान पर उतरेंगे.

कुसल मेंडिस को तीनों फॉर्मेट में लंबा अनुभव

कुसल मेंडिस लंबे समय से श्रीलंका के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं. उनके नाम अब तक 75 टेस्ट, 159 वनडे और 109 टी20 इंटरनेशनल मैच हैं.

टेस्ट क्रिकेट की 139 पारियों में मेंडिस ने 36.36 की औसत से 4,836 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं. टेस्ट में उनका सर्वोच्च स्कोर 245 रन है.

वनडे में भी उनका रिकॉर्ड मजबूत रहा है. 155 पारियों में उन्होंने 36.33 की औसत से 5,160 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम 7 शतक और 36 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 143 रन है.

टी20 इंटरनेशनल में मेंडिस ने 109 पारियों में 26.15 की औसत और 130.20 के स्ट्राइक रेट से 2,694 रन बनाए हैं. इस दौरान वह 20 अर्धशतक लगा चुके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 86 रन है.

अब टेस्ट कप्तान के तौर पर मेंडिस के सामने श्रीलंका की टीम को आगे ले जाने की चुनौती होगी. खासकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबलों में उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों पर नजर रहेगी.

Leave a Comment