नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज का आगाज धमाकेदार जीत के साथ करने के बाद टीम इंडिया अपनी बढ़त को दोगुना करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
आइए आपको बताते हैं कि रांची में कैसा रहा है भारतीय टीम का टी20 में रिकॉर्ड।
टीम इंडिया ने रांची के इस मैदान पर अब तक कुल चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को तीन मुकाबलों में जीत नसीब हुई है, जबकि एक मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम ने यहां पर अपना आखिरी मैच साल 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इस मुकाबले में टीम इंडिया को 21 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले, 2021 में भारत ने इस ग्राउंड पर न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। वहीं, 2017 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में 9 विकेट से जीत दर्ज की थी। 2016 में टीम श्रीलंका को 69 रनों से हराने में भी सफल रही थी।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 21 मैचों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है, जबकि 10 मुकाबलों में कैरेबियाई टीम ने बाजी मारी है। सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की पूरी टीम 171 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। टीम की ओर से कप्तान शाई होप ने 37 गेंदों में 52 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 34 गेंदों में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए थे।
हालांकि, टीम इंडिया ने 172 रनों के लक्ष्य को आसानी से सिर्फ 14.4 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। कप्तान श्रेयस अय्यर बेहतरीन फॉर्म में नजर आए थे और उन्होंने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया था। अय्यर ने 43 गेंदों में 102 रनों की नाबाद पारी खेली थी। भारतीय टी20 कप्तान ने अपनी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए थे। वहीं, ईशान किश 37 रन बनाकर नाबाद रहे थे।