न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दौरे के लिए मंगलवार को बीसीसीआई ने टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। हालांकि वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड का ऐलान अगले सप्ताह में हो सकता है।
प्रज्ञान ओझा की अगुआई वाली चार सदस्यीय समिति ने इंडिया ए टीम भी चुनी है। ध्रुव जुरेल टीम की कमान संभालेंगे। न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से आरंभ होगा। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली भारतीय टी20 टीम में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी हुई है।
इंडिया ए के खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं की नजरें
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चयनकर्ताओं ने इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच जारी अनाधिकारिक वनडे सीरीज में मौजूद कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रख रहे हैं, जिसके कारण आगामी सीरीज के लिए टीम के ऐलान में समय लग रहा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। चयनकर्ता भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच चल रही अनौपचारिक वनडे सीरीज के दौरान कुछ क्रिकेटरों का आकलन करना चाहते हैं।
कुछ खिलाड़ियों को वनडे-टेस्ट में मिल सकता है मौका
इस बात की संभावना बनी हुई है कि कप्तान गिल और कुछ टेस्ट नियमित खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू करने के लिए आखिरी दो वनडे का हिस्सा नहीं होंगे। अगर गिल टेस्ट की तैयारी करने का फैसला करते हैं तो उप-कप्तान श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टेस्ट टीम में 16 या 17 सदस्य हो सकते हैं क्योंकि एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को शामिल करने की संभावना है। चयनकर्ता आखिरी दो वनडे मैचों के लिए एक वैकल्पिक टीम तैयार रखने की तैयारी में हैं, जिन्हें जारी इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज से चुना जा सकता है। यहां से कुछ क्रिकेटरों को आखिरी दो मैचों के लिए वनडे टीम में शामिल किए जाने की उम्मीद है। चार दिवसीय मैचों में दबदबा बनाने के बाद इंडिया ए पहला 50 ओवर का मैच 125 रन से हार गया।
बीसीसीआई ने इस दौरे के लिए 60 शीर्ष राष्ट्रीय क्रिकेटरों के वीजा तैयार किए हैं जिसमें टी20 अंतरराष्ट्रीय, वनडे, टेस्ट और भारत ए के तीन अनौपचारिक लाल गेंद के मैच को ध्यान में रखा गया है। सीनियर टीम के उपकप्तान केएल राहुल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और मध्यक्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल समेत 11 टेस्ट खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट मैचों के लिए भारत ए की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला चार दिवसीय मुकाबला 24 से 28 अक्टूबर तक लिंकन में खेला जाएगा। दूसरा मैच 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक क्राइस्टचर्च में और तीसरा मुकाबला सात से 10 नवंबर तक फिर लिंकन में होगा।