ऑस्ट्रेलिया की ए क्रिकेट टीम इस वक्त भारत के दौरे पर है। पहले दो टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और अब वनडे सीरीज शुरू हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले अनऑफिशियल वनडे में पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए।
टीम अपने कोटे के पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई और 48.2 ओवर में ही आउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम 31.4 ओवर में 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और 125 रनों से मैच हार गई। ये मुकाबला पुडुचेरी में खेला गया था।
विल सदरलैंड और नाथन मैकस्वीनी ने की अच्छी बल्लेबाजी
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत में ही अच्छी गेंदबाजी की। एक वक्त तो ऑस्ट्रेलियाई टीम 87 रन पर ही पांच विकेट गवां कर संघर्ष कर रही थी। तब कप्तान विल सदरलैंड और नाथन मैकस्वीनी ने पारी को संभालने का काम किया। नाथन मैकस्वीनी ने जबरदस्त तरीके से अपना शतक भी पूरा किया। उन्होंने 135 बॉल पर 123 रन बनाए। इसमें 13 चौके शामिल रहे। वहीं कप्तान विल सदरलैंड ने 68 बॉल पर 77 रन बनाए। उनके बल्ले से दो चौके और चार छक्के आए। हालांकि वे अपना शतक पूरा नहीं कर पाए।
सूर्यांश शेडगे ने चार और यश ठाकुर ने तीन विकेट झटके
भारत के गेंदबाजों की बात की जाए तो सूर्यांश शेडगे ने सात ओवर में 40 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। अरशद खान ने 8.2 ओवर में 48 रन खर्च किए और दो विकेट लिए। यश ठाकुर ने 9 ओवर में 47 रन देकर तीन विकेट लेने में कामयाबी हासिल की। निशांत संधू को भी एक विकेट मिला।
रजत पाटीदार ने लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद देवदत्त पडीकक्ल भी बिना खाता खोले आउट हो गए। प्रभसिमरन सिंह 9 बॉल पर 17 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान गायकवाड़ ने 30 गेंदों में 15 रन की धीमी पारी खेली। इसके बाद निशांत सिंधु और रजत पाटीदार के बीच 47 रन की साझेदारी। पाटीदार ने अर्धशतक लगाया और वह 53 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद टीम इंडिया की पारी लड़खड़ाई गई और पूरी टीम 31.4 ओवर में 149 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
11 अक्टूबर को खेला जाएगा सीरीज का आखिरी मुकाबला
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला गया। इसके बाद दूसरा मैच 9 अक्टूबर यानी शुक्रवार को खेला जाएगा। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 11 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मुकाबले पुडुचेरी के क्रिकेट एसोसिएशन सीचेम ग्राउंड पर खेले जा रहे हैं। इस सीरीज के दौरान भारतीय खिलाड़ी जिस तरह का प्रदर्शन करेंगे, उसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। जल्द ही भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया जाना है।
इंडिया A की प्लेइंग XI: साई सुदर्शन, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), रजत पाटीदार, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, अनुकूल रॉय, अरशद खान, यश ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया A की प्लेइंग XI: सैम कोन्स्टास, मिशेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेट कीपर), नाथन मैकस्वीनी, लियाम स्कॉट, निखिल चौधरी, विल सदरलैंड (कप्तान), टॉड मर्फी, स्पेंसर जॉनसन, रिले मेरेडिथ, महली बियर्डमैन।