आईसीसी द्वारा सितंबर 2026 के बेस्ट प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए तीन खिलाड़ियों के नाम नॉमिनेट किए गए हैं। इसमें भारत के दो खिलाड़ी अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल शामिल हैं। अभिषेक और शुभमन के बीच को इस अवॉर्ड के लिए टक्कर है, वहीं जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा का भी नाम इस लिस्ट में शामिल है।
इन तीनों खिलाड़ियों के लिए पिछला महीना बेहतरीन था।
अभिषेक शर्मा की बात करें तो उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ इसी महीने 30 गेंद पर शतक लगाया था और भारत के लिए टी20 में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। वहीं शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 223 रन की पारी खेलते हुए अपना दूसरा दोहरा शतक लगाया था। उन्होंने भी वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। एक-एक करके देखते हैं दोनों के आंकड़े:-
अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा के लिए यह साल इससे पहले इंटरनेशनल क्रिकेट के लिहाज से कुछ खास नहीं था। विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन ठीकठाक था। फिर इंग्लैंड दौरे पर भी वह फ्लाप थे। उसके बाद अफगानिस्तान सीरीज में उन्होंने अपने बल्ले की चमक बिखेरी। अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले 10 पारियों में अभिषेक ने एक ही अर्धशतक लगाया था।
उसके बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में 32 गेंद पर 82 रन बनाए। उसके बाद तीसरे मुकाबले में उन्होंने 30 गेंद पर ही शतक बनाते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने तीसरे मैच में 45 गेंद पर 108 रन की पारी खेली। वह इस सीरीज में प्लेयर ऑफ सीरीज भी बने। उन्होंने तीन मैचों में 76.33 की औसत से 229 रन बनाए।
शुभमन गिल
शुभमन गिल की बात करें तो सितंबर 2026 का महीना उनके लिए बेहद खास रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने पहले मैच में 110 रन बनाए और फिर दूसरे मैच में नाबाद 223 रन की पारी खेली। उन्होंने सबसे तेज वनडे डबल सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी इस पारी के बदौलत भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए 406 रन का विशाल लक्ष्य हासिल कर लिया। यह दो पारियां ही कारण हैं कि उन्हें आईसीसी द्वारा इस महीने के सर्वश्रेष्ठ प्लेयर के अवॉर्ड के लिए नामित किया गया।
इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को भी इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। इस महीने जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज अपने घर पर खेली थी। रजा ने तीन पारियों में दो अर्धशतक समेत 183 रन बनाए थे। उन्होंने 57, 45 और 81 रन की पारियां खेली थीं।
1 वर्ल्ड कप, 2 गोल्ड और 4 एशिया कप, उपलब्धियों भरा रहा ‘कप्तान हरमनप्रीत कौर’ का कार्यकाल
37 साल की हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 211 मैचों में भारत की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में भारत ने कई उपलब्धियां हासिल कीं, जिनमें 2025 वर्ल्ड कप का खिताब प्रमुख है।