भारत-वेस्टइंडीज T20I पर बाढ़ का खतरा, लखनऊ में इकाना स्टेडियम तक पहुंचा गोमती नदी का पानी

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला T20 मुकाबला लखनऊ में खेला जाना है. आम तौर पर मुकाबलों पर बारिश या फिर खराब मौसम का साया मंडराता है. लेकिन, लखनऊ में खेले जाने वाले पहले T20I पर बाढ़ के पानी का खतरा बना हुआ है.

खबर है कि उफान मारती गोमती नदी का पानी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पास पहुंच गया है, जहां पर मुकाबला खेला जाना है. स्टेडियम के आसपास पानी जमा हो जाने के चलते उस ओर जाने वाले अंडरपास को भी बंद कर दिया गया है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो सकती है.

इकाना स्टेडियम तक पहुंचा पानी, जानें मैच पर अपडेट

मिली जानकारी के मुताबिक, गोमती नदी में आए बाढ़ का पानी इकाना स्टेडियम के बिल्कुल करीब पहुंच चुका है. बाढ़ के पानी को जल्दी से जल्दी निकालने के लिए प्रशासन जोर-शोर से लगा है. बाढ़ के खतरे पर स्पष्टता जाहिर करते हुए इकाना क्रिकेट स्टेडियम मैनजमेंट ने कहा कि उसका मैच पर कोई असर नहीं पड़ने वाला, जो कि अच्छी बात है. स्टेडियम प्रबंधन ने कहा कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला T20 अपने तय समय पर ही शुरू होगा.

स्टेडियम तक कैसे पहुंचा पानी?

अब सवाल है कि भारत-वेस्टइंडीज पहले T20I पर बाढ़ का खतरा क्यों बना? इसकी सबसे बड़ी वजह है इकाना स्टेडियम का गोमती नदी के करीब होना. ये स्टेडियम गोमती नदी से आधे किलोमीटर की दूरी पर है. बताया जा रहा है कि इकाना स्टेडियम के पास ही एक बड़ा नाला है, जो ओवरफ्लो हो चुका है और उसका पानी नदी में मिलने की वजह से बाढ़ की शक्ल ले चुका है.

लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज का T20I रिकॉर्ड

भारत और वेस्टइंडीज दूसरी बार लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर T20I मुकाबला खेलेंगे. इससे पहले खेले मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को हराया था. भारत का ये इस मैदान पर ओवरऑल चौथा T20I होगा. लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर टीम इंडिया ने अब तक एक भी T20 मुकाबला नहीं गंवाया है.
वेस्टइंडीज का लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर ये ओवरऑल 5वां T20I मुकाबला होगा. इससे पहले लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर खेले 4 T20I में से वेस्टइंडीज ने 3 गंवाए हैं.

Leave a Comment