तन्मय बालोदा (छह विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारतीय अंडर-19 टीम ने सोमवार को दूसरे यूथ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 174 रन पर समेटने के बाद स्टंप्स के समय दो विकेट पर 38 रन बना लिये हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने बनाए 38 रन, गिरे दो विकेट
बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय अंडर-19 टीम को थॉमस वासेओ ने सातवें ओवर में लक्ष्य रायचंदानी (एक) रन को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद सागर विर्क और कुशाग्र ओझा ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 12वें ओवर में स्पेंसर ग्रीन ने सागर विर्क (16)रन को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। दोनों बल्लेबाजों के बीच 20 रनों की साझेदारी हुई। दिन का खेल समाप्त होने के समय भारतीय अंडर-19 टीम ने दो विकेट पर 38 रन बना लिये है और वह अभी भी ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 136 रन पीछे है। कप्तान यशवर्द्धन चौहान (नाबाद सात) रन और कुशाग्र ओझा (नाबाद 13) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
भारत की घातक गेंदबाजी से 174 पर सिमटी ऑस्ट्रेलिया U-19
इससे पहले आज अहमदाबाद में टॉस जीतकर कर भारतीय अंडर-19 टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे 65 रन के स्कोर तक अपने छह विकेट गवां दिये। कप्तान मैथ्यू लव (पांच), हेडन बारबुलोविक (आठ), एली ब्रेन (चार), नील पटेल (31), ब्लेक कैटल (आठ) और ज़ेड होलिक (छह) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद जेकब पीट्ज और चार्ली हेंडरसन ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 21वें ओवर में बालोदा ने जेकब पीट्ज (26) रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाघिक रन बनाने चार्ली हेंडरसन को अयान अकरम (37) ने अपना शिकार बनाया। 73वें ओवर की पांचवी गेंद पर बालोदा ने पैट्रिक सुलिवन (20) रन काे आउट कर ऑस्ट्रेलियाई पारी का 174 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
तन्मय ने चटकाए 6 विकेट
भारतीय अंडर-19 टीम के लिए तन्मय बालोदा ने छह विकेट लिये। अयान अकरम को दो विकेट मिले। मोहित उल्वा और प्रियांशु सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम: नील पटेल, हेडन बारबुलोविक, मैथ्यू लॉघ (कप्तान), ज़ेड हॉलिक, ब्लेक कैटल, एली ब्रेन, चार्ली हेंडरसन (विकेटकीपर), कैसी बार्टन, कॉनर ग्रेगरी, स्पेंसर ग्रीन, थियो त्सिंगोस, विल बायरोम, जैक चोस्नेक, जैकब पीट्ज़, पैट्रिक सुलिवन, थॉमस वासेओ
भारत U19 टीम: लक्ष्य राजेश रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, यशबर्धन चौहान (कप्तान), मनल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अयान अकरम, इशान ओम, मोहित उलवा, प्रियांशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, रोहित यादव, अभिप्राय बिस्वास।
बता दें कि दो टेस्ट मैचों की इस सीरीज में पहला मैच भारतीय अंडर 19 टीम ने पारी और 148 रनों से जीता था।