भारतीय क्रिकेट में भुवनेश्वर कुमार का नाम लंबे समय से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ियों में है। अब अनुभवी तेज गेंदबाज को एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
भुवनेश्वर को हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है।
उनके साथ क्रुणाल पंड्या भी इस टूर्नामेंट में भारत के लिए खेलते नजर आएंगे। हांगकांग सिक्सेस का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में होगा। टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत को पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के साथ ग्रुप सी में रखा गया है। यानी भुवनेश्वर की कप्तानी में भारतीय टीम को शुरुआत में ही चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की चुनौती मिलेगी।
भुवनेश्वर के लिए यह मौका इसलिए भी खास है क्योंकि वह काफी समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। इसके बाद राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी नहीं हो सकी।
आईपीएल 2026 में उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर उनकी चर्चा शुरू कर दी थी। वह टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। इसके बावजूद उन्हें भारतीय सफेद गेंद की टीम में जगह नहीं मिली। अब हांगकांग सिक्सेस के जरिए उन्हें फिर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। कप्तानी भी उनके लिए नई जिम्मेदारी नहीं होगी। भुवनेश्वर घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की कप्तानी कर चुके हैं।
अब सबकी नजर भुवनेश्वर पर होगी। राष्ट्रीय टीम से लंबे अंतराल के बाद मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सिर्फ एक और टूर्नामेंट नहीं, बल्कि मैदान पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का एक नया मौका भी होगी।
भारतीय टीम में चुने गए सात खिलाड़ियों में राहुल तेवतिया और शशांक सिंह ऐसे दो नाम हैं, जिन्होंने अभी तक भारत की सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। तेवतिया को 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। शशांक को अब तक भारतीय टीम में बुलावा नहीं मिला है।
भारतीय टीम में ये खिलाड़ी शामिल
- भुवनेश्वर कुमार (कप्तान)
- क्रुणाल पांड्या
- शशांक सिंह
- राहुल तेवतिया
- नीतीश राणा
- राहुल त्रिपाठी
- टी. नटराजन