वेस्टइंडीज सीरीज में अभिषेक शर्मा के निशाने पर 3 बड़े रिकॉर्ड, रोहित शर्मा को पछाड़ने का मौका

वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज अभिषेक शर्मा के लिए सिर्फ रन बनाने का मौका नहीं होगी। भारतीय सलामी बल्लेबाज के पास इस सीरीज में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के तीन बड़े आंकड़े छूने का मौका है।

इनमें सबसे खास 2000 रन का पड़ाव है। अभिषेक ने अब तक 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 61 पारियां खेली हैं और उनके नाम 1926 रन हैं। यानी 2000 रन पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ 74 रन की जरूरत है। पांच मैचों की सीरीज में यह आंकड़ा हासिल करना उनके लिए मुश्किल नहीं होगा। एक ही मैच में बल्ला चल गया, तो यह आंकड़ा हासिल हो जाएगा।

रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने का मौका

हालांकि 2000 रन तक पहुंचने के बाद भी अभिषेक सबसे तेज भारतीय बनने का रिकॉर्ड अपने नाम नहीं कर पाएंगे। विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने 56-56 पारियों में 2000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए थे। अभिषेक के पास इन दोनों को पीछे छोड़ने का मौका नहीं है लेकिन वह रोहित शर्मा से आगे निकल सकते हैं।

रोहित ने यह आंकड़ा 77 पारियों में हासिल किया था। अभिषेक फिलहाल 61 पारियां खेल चुके हैं, इसलिए 2000 रन तक पहुंचते ही वह रोहित से कम पारियों में यह मुकाम हासिल करने वाले भारतीय बन जाएंगे।

छक्कों का रिकॉर्ड निशाने पर

रनों के अलावा उनकी नजर बड़े शॉट्स के आंकड़े पर भी होगी। अभिषेक ने अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 134 छक्के लगाए हैं। पांच मैचों में 16 और छक्के आते ही वह 150 के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे। उनके आक्रामक अंदाज को देखते हुए यह भी सीरीज का एक दिलचस्प आंकड़ा रहेगा। भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इन्टरनेशनल छक्के रोहित शर्मा ने जड़े हैं, उनके नाम 205 छक्के हैं, सूर्यकुमार यादव ने 179 सिक्स लगाए हैं।

चौकों के मामले में भी अभिषेक एक बड़े पड़ाव के करीब हैं। उनके नाम फिलहाल 185 चौके हैं। यानी 200 तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 15 चौकों की जरूरत है। इस तरह वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मुकाबलों में अभिषेक के पास तीन आंकड़े छूने का मौका है।

Leave a Comment