IPL Trade Window: आईपीएल 2027 के लिए दिसंबर में होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले ट्रेडिंग विंडो में हलचल तेज हो गई है. भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर कई फ्रेंचाइजियों ने मुंबई इंडियंस से संपर्क साधा है.
32 साल के हार्दिक पूरी तरह फिट होने पर दुनिया के सबसे घातक ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम एक फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए काफी गहरा रुझान दिखाया है. मुंबई इंडियंस ने भी इस संभावित ट्रेड को लेकर कुछ फ्रेंचाइजियों से बातचीत की है, जिनमें कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के नाम भी सामने आ रहे हैं.
हार्दिक पंड्या को लेकर IPL टीमों में मची होड़
हार्दिक पंड्या की गेंदबाजी और बल्लेबाजी के अलावा उनकी कप्तानी भी फ्रेंचाइजियों के लिए बड़ा आकर्षण है. हार्दिक ने गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए अपने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया था और अगले सीजन में फाइनल तक पहुंचाया था. हालांकि, मुंबई इंडियंस में बतौर कप्तान उनका प्रदर्शन मैदान के अंदर और बाहर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा.
सीएसके के साथ हार्दिक के संभावित ट्रेड को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान अब चेन्नई सुपर किंग्स के थिंक-टैंक का अहम हिस्सा बन चुके हैं. मुंबई इंडियंस में साथ काम करने के दौरान दोनों के समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा था कि सीएसके की ओर जाने की संभावनाएं थोड़ी धीमी पड़ सकती हैं. हालांकि, पेशेवर क्रिकेट में समीकरण तेजी से बदलते हैं और दोनों पक्षों के बीच क्या सहमति बनती है, यह आने वाले कुछ हफ्तों में साफ हो सकेगा.
ट्रेडिंग विंडो के लिए 15 नवंबर की डेडलाइन
ट्रेडिंग विंडो इस समय खुली हुई है और फ्रेंचाइजियों के पास फैसला लेने के लिए ज्यादा समय नहीं है. गोवा में दिसंबर के बीच में होने वाले ऑक्शन से पहले सभी टीमों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन लिस्ट सौंपनी होगी. ट्रेडिंग विंडो ऑक्शन से एक सप्ताह पहले बंद होगी और फिर ऑक्शन के एक हफ्ते बाद सीजन शुरू होने से एक महीने पहले तक खुली रहेगी. इसलिए सभी टीमों के लिए अगले तीन से चार हफ्तों में किसी ठोस फैसले पर पहुंचना फायदे का सौदा माना जा रहा है. हालांकि, मुंबई इंडियंस खेमे का कहना है कि वो किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं हैं.