दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ़ लेजेंड्स 2026 में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज चैंपियंस को 97 रनों से करारी शिकस्त दी.
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.
इसके जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 18.2 ओवर में 145 रन पर सिमट गई.
दक्षिण अफ्रीका की जीत के हीरो रिचर्ड लेवी औररहे. दोनों खतरनाक बल्लेबाजी करते हुए मैदान पर जमकर चौकों-छक्कों की बरसात की और फैंस को खूब एंटरटेन किया.
दक्षिण अफ्रीका ने फाफ डु प्लेसिस के 14 रन पर आउट होने के बाद शानदार वापसी की. रिचर्ड लेवी और एबी डिविलियर्स ने दूसरे विकेट के लिए 104 रन जोड़कर पारी को पूरी तरह संभाल लिया.
लेवी ने सिर्फ 39 गेंदों में 87 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 223.08 का रहा. उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेवी 135 के स्कोर पर डेव मोहम्मद की गेंद पर लेंडल सिमंस के हाथों कैच आउट हुए.
लेवी के साथ एबी डिविलियर्स ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ खतरनाक बल्लेबाजी की. डिविलियर्स ने 39 गेंदों में 70 रन की पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए. उन्होंने सरेल एर्वी के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन जोड़े.
एर्वी 13 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि डिविलियर्स पारी के आखिरी ओवर में ड्वेन ब्रावो का शिकार बने. मोर्ने वान विक 17 रन बनाकर नाबाद रहे.
243 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को नियमित अंतराल पर झटके लगते रहे.
क्रिस गेल ने एक बार फिर उम्मीद जगाई और सिर्फ 31 गेंदों में 60 रन की तेज पारी खेली. उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें लगातार विकेट गिरने के कारण ज्यादा साथ नहीं मिला.
मार्चेंट डी लांगे ने लेंडल सिमंस को 2 रन पर आउट किया, जबकि इमरान ताहिर ने जर्मेन ब्लैकवुड को 9 रन पर पवेलियन भेज दिया. इसके बाद आरोन फैंगिसो ने चैडविक वॉल्टन को 1 रन पर बोल्ड किया.
वेस्टइंडीज की पारी में सबसे बड़ा झटका तब लगा जब फैंगिसो ने क्रिस गेल को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. गेल के आउट होते ही टीम की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई.
इसके बाद इमरान ताहिर ने एक ही ओवर में रेमन रीफर और ड्वेन ब्रावो को आउट कर वेस्टइंडीज की कमर तोड़ दी. उस समय वेस्टइंडीज का स्कोर 6 विकेट पर सिर्फ 84 रन था.
कार्लोस ब्रैथवेट ने 13 गेंदों में 29 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई. उनकी पारी में 3 छक्के शामिल थे, लेकिन रॉबर्ट फ्राइलिंक ने उनकी पारी खत्म कर दी.
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने बाकी विकेट भी जल्दी निकाल लिए और वेस्टइंडीज की पारी 145 रन पर खत्म हो गई.
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से इमरान ताहिर और आरोन फैंगिसो ने 3-3 विकेट लिए. ताहिर ने 3 विकेट के लिए 24 रन दिए, जबकि फैंगिसो ने 49 रन खर्च किए. रॉबर्ट फ्राइलिंक को 2 विकेट मिले.