IND vs WI वनडे सीरीज में 8 बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 10 शतक लगाए। यह 3 मैच की वनडे सीरीज में लगने वाले सबसे ज्यादा शतक है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल से लेकर विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, अमीर जंगू, जॉन कैम्बेल, जस्टिन ग्रीव्स और शे होप ने शतक ठोके।
गिल और होप इस सीरीज में दो ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने 2-2 सेंचुरी लगाई। होप ने इन दो शतकों के दम पर एक्टिव क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने की लिस्ट में जो रूट को पछाड़ दिया है। शे होप के नाम वनडे क्रिकेट में 152 पारियों के बाद 21 शतक हो गए हैं, जबकि रूट ने 184 पारियों में 20 शतक लगाए हैं। एक्टिव क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने की लिस्ट में भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहले तो रोहित शर्मा दूसरे पायदान पर हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा का कोई सानी नहीं
वनडे क्रिकेट में बतौर एक्टिव क्रिकेटर सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में विराट कोहली और रोहित शर्मा का कोई सानी नहीं है। किंग कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज ही शतक के साथ किया था। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में 139 रनों की पारी खेली थी। यह उनके वनडे करियर का 55वां शतक था। कोहली के नाम इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह वर्ल्ड कप 2027 खेलने वाले हैं, ऐसे में अगले एक साल में वह शतकों के इस रिकॉर्ड को इतना दूर ले जाएंगे जहां तक कोई पहुंचने की कलपना तक नहीं कर पाएगा। विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में 86 शतक जड़ चुके हैं, वह शतकों के शतक से भी मात्र 14 सेंचुरी दूर हैं।
वहीं बात रोहित शर्मा की करें तो वह 35 शतकों के साथ इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में उन्होंने सेंचुरी ठोकी थी। तीसरे वनडे में वह बैक टू बैक दूसरे शतक से मात्र 8 रनों से चूक गए थे और 92 के निजी स्कोर पर आउट हो गए थे। अगर हिटमैन यह शतक पूरा कर लेते तो उनके वनडे करियर में 36 शतक हो जाते। कोहली की तरह रोहित का मिशन भी 2027 वर्ल्ड कप खेलना और उसे जीतना है। ऐसे में उनकी नजरें वनडे में सचिन तेंदुलकर को शतकों की लिस्ट में पछाड़ना होगा। सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में 49 शतक दर्ज है।
वनडे क्रिकेट में एक्टिव क्रिकेटरों द्वारा सबसे ज्यादा शतक
नंबर-3 और नंबर-2 की पोजिशन में 12 शतकों का अंतर
रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में 35 शतक दर्ज है, वहीं इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर मौजूद साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक के नाम 23 शतक दर्ज हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच 12 सेंचुरी का अंतर है, जो कोई छोटी बात नहीं है। यह आंकड़ा दिखाता है कि एक्टिव क्रिकेटरों में विराट कोहली और रोहित शर्मा को वनडे फॉर्मेट में कोई टक्कर देने वाला नहीं है।