Craig Miles Retirement: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रेग माइल्स (Craig Miles) ने महज 32 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया है. 15 साल लंबे करियर में 500 से ज्यादा विकेट लेने वाले माइल्स ने यह फैसला अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता देते हुए लिया.
उन्होंने ग्लूस्टरशायर की वेबसाइट पर एक भावुक पत्र के जरिए अपने संन्यास का ऐलान किया.
माइल्स ने बताया कि पिछले कुछ समय से वह लगातार मानसिक दबाव, खुद से की जाने वाली ज्यादा उम्मीदों और आत्म-संदेह से जूझ रहे थे. खराब प्रदर्शन के बाद वह अपनी काबिलियत पर ही सवाल उठाने लगते थे. आखिरकार उन्हें महसूस हुआ कि अब क्रिकेट को उसी तरह जारी रखना उनके लिए सही नहीं होगा.
क्रिकेट से दूरी के बाद लिया बड़ा फैसला
माइल्स ने आखिरी बार जून 2026 में विटैलिटी ब्लास्ट में ग्लूस्टरशायर के लिए मैच खेला था. इसके बाद वह क्रिकेट से दूर रहे. इसी दौरान उन्होंने अपने करियर और मानसिक स्थिति को लेकर काफी सोच-विचार किया. उन्हें समझ आया कि अब खुद पर बनाए गए ऊंचे मानकों के मुताबिक ट्रेनिंग और प्रदर्शन कर पाना मुश्किल हो रहा है.
हालांकि, उन्होंने माना कि क्रिकेट छोड़ना आसान फैसला नहीं था. अपने करियर के शुरुआती दौर में वह खराब दौर को महज एक छोटी बाधा मानकर आगे बढ़ जाते थे, लेकिन इस बार हालात काफी अलग थे.
ऐसा रहा शानदार करियर
क्रेग माइल्स ने सिर्फ 16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा था. 15 वर्षों के करियर में उन्होंने 111 फर्स्ट क्लास, 57 लिस्ट-ए और 71 टी20 मुकाबले खेले. तीनों फॉर्मेट में उन्होंने कुल 512 विकेट हासिल किए. हालांकि, उन्हें इंग्लैंड की इंटरनेशनल टीम से खेलने का मौका नहीं मिला.
माइल्स के करियर में वनडे कप और काउंटी चैम्पियनशिप की जीत भी शामिल रही. संन्यास के ऐलान के वक्त उन्होंने कहा कि अब वह अपनी उपलब्धियों को पहले से ज्यादा गर्व के साथ देख पा रहे हैं. ग्लूस्टरशायर के क्रिकेट निदेशक जॉन लुईस ने भी उनके फैसले का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि अपनी परेशानियों के बारे में खुलकर बात करना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस की निशानी है. क्लब ने माइल्स को क्रिकेट के बाद की जिंदगी में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताया.