Rest of India vs Jammu & Kashmir: इरानी कप के तीसरे दिन जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर मीर की अनुशासनहीन गेंदबाजी उनकी टीम पर भारी पड़ गई. अपनी लाइन और लेंथ से भटकते हुए नजीर ने एक ही पारी में 15 नो-बॉल फेंक चुके हैं.
वहीं, इस मुकाबले में वो अभी तक कुल 22 नो-बॉल डाल बैठे हैं. उनकी इस भारी भूल का सबसे बड़ा खामियाजा जम्मू-कश्मीर को तब भुगतना पड़ा, जब शतक बनाकर खेल रहे रविचंद्रन स्मरण को आउट करने के बावजूद नो-बॉल के कारण उन्हें विकेट नहीं मिला.
एक बॉलर ने फेंकी 22 नो-बॉल
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमर नजीर मीर भले ही इस मुकाबले की दूसरी पारी में 3 विकेट चटा चुके हैं, लेकिन उनकी ओर से बार-बार नो-बॉल फेंकी जा रही है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रेस्ट ऑफ इंडिया की दूसरी पारी के 90वें ओवर में देखने को मिला. उमर नजीर ने अपनी एक सटीक गेंद पर शतकवीर बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण को विकेटों के सामने LBW फंसा लिया.
अंपायर ने भी उंगली उठाते हुए आउट का फैसला सुना दिया, लेकिन उसी वक्त सायरन बज उठा क्योंकि नजीर का पैर क्रीज की लाइन से काफी बाहर निकल चुका था. अंपायर ने तुरंत इसे नो-बॉल करार दे दिया और स्मरण को बड़ा जीवनदान मिल गया. जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए स्मरण ने 131 गेंदों पर 15 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 126 रनों की तूफानी पारी खेल डाली. इस शतक के दम पर रेस्ट ऑफ इंडिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 8 विकेट पर 306 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 265 रनों तक पहुंचा दी. नजीर ने इस पारी में 22 ओवर में 83 रन देकर 3 विकेट तो लिए, लेकिन उनकी 15 नो-बॉल ने विरोधी टीम को लगातार रन बनाने का मौका दिया. वहीं, पहली पारी में उन्होंने 7 नो-बॉल फेंकी थीं.
पंत और सरफराज फिर फ्लॉप
रेस्ट ऑफ इंडिया के स्टार बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया. इस पारी में पांचवें नंबर पर उतरे सरफराज खान खराब फुटवर्क के चलते खाता भी नहीं खोल सके और 0 पर नजीर का शिकार बने. वहीं, कप्तान ऋषभ पंत आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन उनका बल्ला लगातार दूसरी पारी में खामोश रहा. वो सिर्फ 8 रन बनाकर साहिल लोटरा की गेंद पर LBW आउट हो गए.